समस्या के समाधान की आस लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे बुजुर्ग की थमीं सांसें

शिवपुरी। अपनी समस्या के समाधान की उम्मीद लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे 70 वर्षीय बादल सिंह यादव की अचानक तबीयत बिगड़ गई। प्रशासन ने तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराते हुए उन्हें एम्बुलेंस से जिला चिकित्सालय पहुंचाया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

ग्राम सड़बूड़, तहसील बदरवास निवासी बादल सिंह यादव आवेदन देने आए थे। उन्हें टोकन क्रमांक 35 दिया गया। आवेदन जमा करने के बाद वह अपनी बारी की प्रतीक्षा कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उन्हें चक्कर आया और वह जमीन पर गिरकर अचेत हो गए। बुजुर्ग को इस तरह गिरते देख सभाकक्ष में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की जानकारी मिलते ही डॉ. खंडोलिया ने उनका परीक्षण किया। हालत गंभीर होने पर तत्काल जिला चिकित्सालय से एम्बुलेंस बुलाई गई और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। जिला चिकित्सालय में चिकित्सकों ने परीक्षण के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इस घटना ने यादव परिवार पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है। परिजनों के अनुसार, बादल सिंह पहले से हृदय संबंधी बीमारी से पीड़ित थे। वर्ष 2014 में उन्हें मेजर हार्ट अटैक आया था। इसके बाद हमीदिया चिकित्सालय और एलबीएस हार्ट हॉस्पिटल, भोपाल में उनका उपचार चलता रहा।

परिजनों ने बताया कि घटना वाले दिन वह शिवपुरी से दवाइयां लेने की बात कहकर घर से निकले थे। परिवार को क्या पता था कि दवा लेने और अपनी समस्या का आवेदन देने निकले बादल सिंह अब कभी घर लौटकर नहीं आएंगे।

परिवार की पीड़ा इसलिए भी अधिक गहरी है क्योंकि बादल सिंह के पुत्र राजकुमार यादव को भी दो-तीन दिन पहले मेजर हार्ट अटैक आया था। वह वर्तमान में आईसीयू में भर्ती हैं। एक तरफ बेटा अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा है, वहीं दूसरी ओर पिता की अचानक मृत्यु ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

घटना की सूचना तत्काल बादल सिंह के परिजनों और पुलिस को दी गई। पुलिस द्वारा मामले में नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनसुनवाई के दौरान बादल सिंह की तबीयत खराब होने की जानकारी मिलते ही उन्हें चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई और एम्बुलेंस के माध्यम से जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। उनकी मृत्यु के वास्तविक कारण की पुष्टि चिकित्सकीय जांच और नियमानुसार वैधानिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। प्रशासन द्वारा घटना के संबंध में सभी आवश्यक प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है।

Next Post

स्कूल टाइमिंग में परिवर्तन से बच्चों की पढाई तथा स्वास्थ्य पर पढ़ रहा है विपरीत असर,नाराज अभिभावकों ने पूर्ववत टाइमिंग कराने कलेक्टर को सौपा ज्ञापन

Tue Aug 18 , 2026
पांढुरना, प्रशासन के दबाव में मजबूरन स्कूल संचालकों द्वारा टाइमिंग में किए गए परिवर्तन के चलते अभिभावकों एवं स्कूल संचालकों में वाद-विवाद तथा तनाव की स्थिती बनते जा रहीं है,जिसे लेकर अब अभिभावकों के विरोध के स्वर मुखर होने लगे है,प्रशासन के इस निर्णय के चलते अभिभावकों को अब सडक़ […]

You May Like