
नयी दिल्ली, 18 अगस्त (वार्ता) इलेक्ट्रिक वाहन बनाने वाली भारतीय कंपनी ओमेगा सीकी मोबिलिटी (ओएसएम) ने मंगलवार को इलेक्ट्रा एआई के साथ एक रणनीतिक साझेदारी की घोषणा की। इस साझेदारी के तहत ओएसएम के इलेक्ट्रिक वाहन पारितंत्र में उन्नत बैटरी हेल्थ इंटेलिजेंस को एकीकृत किया जायेगा जिसमें इलेक्ट्रा एआई को महारथ है। यह सहयोग ओएसएम के पूरे वाहन बेड़े में बैटरी पर रियल-टाइम में बैटरी की निगरानी, उत्पादक विशलेषण आदि उपलब्ध करायेगा। इससे वाहन प्रदर्शन में सुधार, बैटरी लाइफ को अधिकतम करने तथा ग्राहकों, वित्तीय संस्थानों, खुदरा दुकानदारों और फ्लीट ऑपरेटरों के लिए अधिक पारदर्शिता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
कंपनी की प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि देश में इलेक्ट्रिक परिवहन को तेजी से अपनाये जाने के साथ बैटरी का प्रदर्शन और विश्वसनीयता वाहन के अपटाइम, वित्तपोषण संबंधी निर्णयों और कुल स्वामित्व लागत को प्रभावित करने वाले महत्वपूर्ण कारक बन गये हैं। इस साझेदारी के माध्यम से इलेक्ट्रा एआई के उन्नत बैटरी इंटेलिजेंस प्लेटफॉर्म का उपयोग करके बैटरी की सेहत और प्रदर्शन पर अधिक गहरी नजर रख सकेगा।
ओमेगा सीकी मोबिलिटी के संस्थापक एवं अध्यक्ष उदय नारंग ने कहा, “भारत में ईवी विकास का अगला चरण केवल नये वाहनों की बिक्री से संचालित नहीं होगा, बल्कि एक विश्वसनीय और मजबूत द्वितीयक बाजार के निर्माण से होगा। बैटरी हेल्थ ईवी के रीसेल वैल्यू का सबसे बड़ा निर्धारक है और जब तक इसे पारदर्शी तरीके से मापा नहीं जा सकता, तब तक इस्तेमाल किये गये ईवी का बाजार सीमित रहेगा।
इलेक्ट्रा एआई के साथ हमारी साझेदारी के माध्यम से हम बैटरी प्रदर्शन में अभूतपूर्व पारदर्शिता ला रहे हैं। इससे खरीदार, वित्तीय संस्थान और फ्लीट ऑपरेटर अधिक आत्मविश्वास के साथ निर्णय ले सकेंगे। इससे रीसेल वैल्यू बढ़ाने, वित्तपोषण तक बेहतर पहुंच उपलब्ध कराने और इलेक्ट्रिक परिवहन को अपनाने में तेजी लाने में मदद मिलेगी। इससे यह सुनिश्चित होगा कि ईवी अपने पूरे जीवनचक्र के दौरान मूल्यवान संपत्ति बने रहें।” इलेक्ट्रा एआई के सह-संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी फैब्रिजोओ मार्टिनी ने कहा कि कंपनी का एआई ब्रेन फॉर बैटरीज प्लेटफॉर्म वास्तविक दुनिया की बैटरी इंटेलिजेंस उपलब्ध कराता है- बेहतर वाहन डिजाइन करने, ग्राहकों को अधिक मजबूत भरोसा देने और बेड़े के सुचारू परिचालन के लिए।
