सिंगरौली :जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित है। मंगलवार को जिले में करीब चार इंच बारिश दर्ज की गई। गनियारी का देवरा नाला पिछले 48 घंटे से उफान पर है, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित है। जिले के अन्य नदी-नाले भी उफान पर हैं। चितरंगी क्षेत्र में सोन और गोपद नदी का जलस्तर भी बढ़ा हुआ है।बिगड़ते मौसम और विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी सिंगरौली कविता त्रिपाठी ने 18 अगस्त को आदेश जारी किया है।
आदेश के अनुसार जिले में संचालित सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में नर्सरी से कक्षा 8वीं तक के विद्यार्थियों के लिए 18 अगस्त को अवकाश घोषित किया गया है। कक्षा 9वीं से 12वीं तक की कक्षाएं पूर्ववत संचालित होंगी। शिक्षकों एवं कर्मचारियों को विद्यालयीन समय में कार्यालय में उपस्थित रहना होगा। आवश्यकता के अनुसार ऑनलाइन अथवा वर्चुअल कक्षाएं संचालित की जा सकेंगी।
