
ग्वालियर। श्रावण मास के तृतीय सोमवार को गोपेश्वर महादेव भक्त मंडल, मुरार के तत्वावधान में बाबा महाकाल की सवारी नगर भ्रमण पर निकली, इस दौरान बाबा की पालकी का जगह- जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। भक्त बाबा के जयकारे लगाते हुये चल रहे थे, वहीं पालकी यात्रा के मार्ग में भजन चल रहे थे।
बाबा महाकाल की पालकी यात्रा श्री गोपेश्वर महादेव मंदिर, घासमंडी मुरार से प्रारंभ हुई इसके बाद यह यात्रा सिंहपुर रोड, बारादरी चौराहा, सदर बाजार, अग्रसेन चौराहा, बजाज खाना, होते हुये पुनः श्री गोपेश्वर महादेव मंदिर में पालकी यात्रा का समापन हुआ। यात्रा के दौरान सैकड़ों महिलायें एवं पुरुष चल रहे थे। इसके साथ ही लोगों ने अपने प्रतिष्ठानों के सामने से निकल रही शोभायात्रा की आरती उतार कर एवं पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
नगर भ्रमण यात्रा के दौरान भगवान शिव और माता पार्वती की झांकी रथ पर सवार थी। वहीं बाबा महाकाल की पालकी को भक्त अपने कंधे पर लेकर चल रहे थे। यात्रा के दौरान बाबा महाकाल के भूत प्रेत, अघोरी बाबा आदि के रूप में चल रहे थे, जगह जगह भक्तों ने गुलाल भी उड़ाया। भक्त भजनों पर नृत्य करते हुये चल रहे थे।
यात्रा में श्री गोपेश्वर महादेव भक्त मंडल के संयोजक संजय दंडोतिया, रामेश्वर दयाल पाठक, हरीओम शर्मा, पंकज पाठक, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष शिवम रानू राजावत, सन्नी दंडोतिया, जीतू पाठक, महेन्द्र गुप्ता, अजय राणा,श्याम झा, विश्वैन्द्र सिकरवार एवं सैकड़ो भक्तगण चल रहे थे।
