
सिंगरौली । बैढ़न के गनियारी निवासी 51 वर्षीय युवा व्यवसायी, भाजपा नेता एवं नगर निगम के वार्ड क्रमांक 41 गनियारी के पार्षद पति अर्जुन दास गुप्ता का आज शुक्रवार की शाम वाराणसी के हेरिटेज अस्पताल में इलाज के दौरान दुखद निधन हो गया। उनके असामयिक निधन की खबर मिलते ही पूरे सिंगरौली जिले सहित व्यापारिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
पारिवारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अर्जुन दास गुप्ता पिछले काफी दिनों से बीमार चल रहे थे। तबीयत अधिक बिगड़ने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी के हेरिटेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद आज उन्होंने अस्पताल में अंतिम सांस ली। इधर मात्र 51 वर्ष की उम्र में दुनिया को अलविदा कहने वाले अर्जुन दास गुप्ता अपने मिलनसार और हंसमुख स्वभाव के लिए जाने जाते थे और गनियारी वार्ड को साफ-सुथरा एवं व्यवस्थित बनाने के लिए सतत प्रयत्नशील थे। उन्होंने वार्ड की समस्याओं को सुनने के लिए व्हाट्सएप ग्रुप बनाया था, जहां वार्डवासियों के समस्याओं का निराकरण भी कराते थे। उनके इस दुखद निधन पर विधायक रामनिवासी शाह, भाजपा वरिष्ठ नेता गिरीश द्विवेदी, जिलाध्यक्ष सुन्दरलाल शाह, ननि अध्यक्ष देवेश पाण्डेय, भाजपा किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष गुरू प्रवेन्द्र धर द्विवेदी, डीएन शुक्ला, मिथिलेश मिश्रा, संतोष सोनी, संतोष शाह समेत तमाम भाजपा नेताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया है।
