ग्वालियर:नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने शुक्रवार सुबह ट्रांसपोर्ट नगर का निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था, सड़कों की स्थिति और जलभराव की समस्या का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान नाले पर अतिक्रमण मिलने पर उन्होंने संबंधित क्षेत्रीय अधिकारी को फटकार लगाते हुए तत्काल अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। एंट्री गेट के पास बने गड्ढों को शीघ्र भरने तथा ट्रांसपोर्ट नगर में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने के भी निर्देश दिए।
दुकानदारों ने निगमायुक्त को बताया कि वार्ड क्रमांक-1 से आने वाले नाले का पानी ट्रांसपोर्ट नगर की सड़कों पर भर जाने से हमेशा कीचड़ की स्थिति बनी रहती है। इस पर श्री संघ प्रिय ने पानी के प्राकृतिक बहाव में बाधा बनने वाले सभी अतिक्रमण हटाने तथा कार्य में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान श्रीराम धर्म कांटे परिसर का भरा पानी मोटर से सड़क पर बहाया जाता मिला, जिस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए मोटर जब्त करने के आदेश दिए।
इसके बाद निगमायुक्त ने दीनदयाल नगर क्षेत्र में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत आयोजित जनकल्याणकारी शिविर का अवलोकन कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने मानपुर पहाड़ी पहुंचकर निर्माणाधीन पार्क का निरीक्षण किया तथा कार्य की गुणवत्ता और गति बनाए रखने के निर्देश दिए। निगम म्यूजियम का भी निरीक्षण कर उन्होंने निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन जल्द इसका लाभ उठा सकें।
निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त प्रदीप तोमर एवं मनीष सिकरवार, उपायुक्त मुकेश बंसल, सिटी प्लानर सुरेश अहिरवार, कार्यपालन यंत्री पवन शर्मा व पुष्पेंद्र श्रीवास्तव, सहायक यंत्री रामसेवक शाक्य, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी विवेक त्यागी व राजेंद्र सिंह तथा सहायक खेल अधिकारी विजेता सिंह चौहान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
