जबलपुर: रांझी थाना अंतर्गत गंगा मैया इलाके में रहने वाले एक 67 वर्षीय बुजुर्ग रिटायर्ड कर्मचारी को ठग ने फेसबुक पर पुराने सिक्कों और दुर्लभ नोटों के बदले 29.80 लाख देने लालच देकर अलग-अलग किस्तों में कुल 53,200 की का चूना लगा दिया। पुलिस ने रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर लिया है ।पुलिस के अनुसार, पीडि़त धनसिंह ठाकुर पिता स्व. कंधीलाल ठाकुर एमईएस से सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं, जिन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर एक पेज पर एक आकर्षक विज्ञापन देखा था। इस विज्ञापन में पुराने सिक्कों और दुर्लभ नोटों के कलेक्शन के बदले 29,80,000 देने का दावा किया गया था।
इस भारी-भरकम राशि के लालच में आकर पीडि़त ने दिए गए मोबाइल नंबर के व्हाट्सएप पर अपने पास रखे पुराने सिक्कों व नोटों की तस्वीरें भेज दीं। तस्वीरें भेजने के अगले ही दिन पीडि़त के मोबाइल पर एक फोन आया। फोन करने वाले अज्ञात व्यक्ति ने खुद का नाम राजज्ञानी बताया। उसने सिक्के खरीदने की पुष्टि करते हुए बुजुर्ग को पूरी तरह अपने विश्वास में ले लिया। इसके बाद विभिन्न विभागीय औपचारिकताओं, आरबीआई क्लियरेंस और प्रोसेसिंग शुल्क के नाम पर झांसा देकर फोनपे के माध्यम से 12,500 ट्रांसफर करवा लिए। ठगों ने बुजुर्ग के सीधेपन का फायदा उठाते हुए 53,200 ट्रांसफर करवा लिए। जब पीडि़त धनसिंह ठाकुर को न तो सिक्कों के पैसे मिले और न ही फोन करने वाले ने दोबारा सही जवाब दिया, तब उन्हें खुद के साथ हुई धोखाधड़ी का अहसास हुआ। बुजुर्ग ने तत्काल रांझी थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
