जबलपुर: राइट टाउन स्थित पेथ केयर डायग्नोस्टिक सेंटर बिना पंजीयन के संचालित हो रहा था । जिला स्तरीय जाँच दल ने तत्काल सील कर दिया।जानकारी के अनुसार मदन महल स्टेशन रोड राइट टाउन स्थित पेथ केयर डायग्नोस्टिक सेंटर का मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ नवीन कोठारी के मार्गदर्शन में ब्लड बैंक प्रभारी डॉ अमिता जैन, डॉ रत्नेश नामदेव, डॉ तुषार गुप्ता, जिला मीडिया अधिकारी अजय कुरील तथा सदस्य विकास श्रीवास्तव द्वारा छापेमारी की गई। इस दौरान सीएमएचओ कार्यालय द्वारा प्रदान किये जाने वाला पंजीयन एक्सपायर डेट का प्राप्त हुआ, जो कि विगत मार्च माह में ही समाप्त हो गया था.
उसके रिन्यूअल के लिए भी अभी तक किसी भी प्रकार की प्रक्रिया नहीं की गई थी। साथ ही कार्यरत स्टाफ के शैक्षणिक योग्यता व प्रशिक्षण योग्यता से संबंधित सर्टिफिकेट प्राप्त नहीं हुए। सेंटर में लैब टेक्नीशियन एवं लेब हेड लकी सिंह उपस्थित मिला। वहां पैथोलॉजिस्ट डॉ अमिता त्रिवेदी के कार्यरत होने की जानकारी मिली उन्हें कॉल कर कार्रवाई में सहयोग देने के लिए कहा गया परंतु वह जाँच दल के समक्ष उपस्थित नहीं हुई। लेब हेड लकी सिंह के अलावा लैब टेक्नीशियन आरती नेमा एवं सेल्स प्रबंधक अनिल गुप्ता मिले इनकी उपस्थिति में जांच दल के द्वारा तत्काल लैब को सील किया गया और उपस्थित कार्यरत स्टॉफ को लैब से संबंधित समस्त दस्तावेज तीन दिन के अंदर सीएमएचओ कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिये गए।
