मुंबई: विले पार्ले की इमारत में भीषण आग, 2 की मौत, 4 घायल

मुंबई, मुंबई के विले पार्ले पश्चिम इलाके में मंगलवार रात एक 12 मंजिला रिहायशी इमारत में लगी आग में झुलसकर एक ढाई साल के बच्चे और एक युवती की मौत हो गई। हादसे में 4 अन्य लोग घायल हुए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

 

 

मुंबई फायर ब्रिगेड के अनुसार आग की सूचना मंगलवार, 11 अगस्त को रात करीब 10:02 बजे मिली। विले पार्ले पश्चिम स्थित बैप्टिस्टा रोड पर ‘शांता भवन’ की 11वीं मंजिल पर दो फ्लैटों में अचानक आग भड़क उठी।

 

*3 घंटे बाद आग पर काबू*

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद रात 1 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया और कूलिंग ऑपरेशन पूरा किया गया। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का कारण माना जा रहा है। आग में 11वीं मंजिल की बिजली की वायरिंग, एसी यूनिट और घर का सामान जलकर खाक हो गया।

 

*2 की मौत, 4 का इलाज जारी*

आग में झुलसे 6 लोगों को नानावटी अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही 2.5 साल के अबीर और 23 साल की अंकिता की मौत हो गई। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

 

घायल अन्य 4 निवासियों पार्थ (32), हिरेन (64), यशस्वी और अभिषेक का नानावटी अस्पताल में इलाज चल रहा है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार सभी की हालत स्थिर है।

 

आग बुझाने के दौरान घायल हुए फायर ब्रिगेड के 2 कर्मचारियों को कूपर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।

Next Post

चाकूबाजी में घायल वेटर की इलाज के दौरान मौत

Wed Aug 12 , 2026
इंदौर: हीरानगर में दो दिन पहले चाकू के वार से गंभीर घायल हुए 25 वर्षीय वेटर तेजपाल पाल की मंगलवार देर रात इलाज के दौरान मौत हो गई. रविवार रात भजन संध्या से लौटते समय चार बदमाशों ने उसे घेरकर हमला किया था. मौत के बाद पुलिस ने हत्या का […]

You May Like