इंदौर: भागीरथपुरा में शराब पीने की बात को लेकर दो पड़ोसियों के बीच हुए विवाद में एक व्यक्ति पर चाकू से कई वार कर दिए. गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई. पुलिस ने मामले में पड़ोसी को गिरफ्तार किया है.
घटना सोमवार रात करीब 8.15 बजे आर्य समाज वाली गली की है. यहां पिंटू आर्य के मकान में किराये से रहने वाले राजेश नायक उम्र 50 साल का उसके पास वाले कमरे में रहने वाले हरिओम बंजारा उम्र 46 साल से शराब पीने की बात को लेकर विवाद हुआ था. विवाद बढ़ने पर हरिओम ने सब्जी काटने वाले चाकू से राजेश पर कई वार कर दिए. घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस राजेश को अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. उसके भाई धरमपाल सिंह नायक की शिकायत पर बाणगंगा थाने में हत्या का मामला दर्ज किया. राजेश और हरिओम दोनों फेरी लगाकर बर्तन बेचते थे. पूछताछ में हरिओम ने हमले की बात स्वीकार की है. पुलिस ने उसके पास से घटना में इस्तेमाल चाकू और कपड़े जब्त कर जांच में लिए.
क्यों हुई हत्या?…
दोनों पड़ोसी फेरी लगाकर बर्तन बेचने का काम करते थे और एक ही मकान में किराये से रहते थे. सोमवार रात शराब पीने की बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई. विवाद बढ़ने पर गाली गलौज हुई और गुस्से में हरिओम ने पास रखे सब्जी काटने वाले लोहे के चाकू से राजेश पर कई वार कर दिए. गंभीर चोट लगने से राजेश की हालत बिगड़ गई और अस्पताल में उसकी मौत हो गई.
आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और घटनाक्रम के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है. घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है.
एसीपी रुबिना मिजवानी, हीरानगर
