सिंगरौली : जनपद पंचायत देवसर की ग्राम पंचायत हर्रा चंदेल में करीब 20 लाख रुपये की डीएमएफ राशि से प्रस्तावित सड़क निर्माण को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
ग्रामीणों का दावा है कि जिस स्थान पर नई सड़क बनाए जाने की तैयारी है, वहां महज दो-तीन मकान हैं और इन तक पहुंचने के लिए पहले से सार्वजनिक रास्ता मौजूद है। ऐसे में सीमित आबादी के लिए इतनी बड़ी राशि खर्च करने की जरूरत पर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार प्रस्तावित सड़क के बजाय पहले से बनी सड़क की हालत सुधारना ज्यादा जरूरी है। उनका कहना है कि इसी राशि से पुरानी सड़क का मरम्मत कार्य और नाली निर्माण कराया जाए तो बड़ी आबादी को सीधा लाभ मिल सकता है। मामले में सरपंच पति पर अधिकारियों को मौके की वास्तविक स्थिति से अलग जानकारी देकर गुमराह करने के आरोप भी लगाए जा रहे हैं। ग्रामीणों का दावा है कि स्थल निरीक्षण के दौरान सैकड़ों घर होने और आवागमन बाधित होने की जानकारी दी गई, जबकि मौके पर स्थिति अलग है। ग्रामीणों ने राजस्व रिकॉर्ड, खसरा, नक्शा और सीमांकन के आधार पर दोबारा जांच कराने की मांग की है।
