राजनांदगांव में 43.61 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन, बनेगा प्रदेश का सबसे बड़ा 2000 सीटर ऑडिटोरियम

राजनांदगांव (वार्ता) छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव शहर में बुनियादी सुविधाओं और अधोसंरचना के विस्तार के लिए 43 करोड़ 61 लाख 26 हजार रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का आज विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और उप मुख्यमंत्री अरूण साव ने भूमिपूजन किया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए एक हजार पौधों का वितरण भी किया गया।

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण 15 करोड़ 92 लाख रुपये की लागत से बनने वाला 2000 सीटर ऑडिटोरियम रहा। इसे प्रदेश का सबसे बड़ा ऑडिटोरियम बताया गया है। डॉ. रमन सिंह ने कहा कि अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त इस ऑडिटोरियम में बड़े आयोजनों के लिए पर्याप्त पार्किंग, कॉरिडोर और एक साथ करीब एक हजार लोगों के भोजन की व्यवस्था होगी।

नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में सड़क, नाली, विद्युतीकरण, सीसी रोड, इंटरलॉकिंग, मुक्तिधाम उन्नयन, सामुदायिक भवन और पाइपलाइन विस्तार सहित कई विकास कार्य कराए जाएंगे। 15वें वित्त आयोग के तहत 12 करोड़ 9 लाख 44 हजार रुपये से सड़क, नाली और विद्युतीकरण के कार्य, 11 करोड़ 57 लाख रुपये से सड़क, सीसी रोड, इंटरलॉकिंग, मुक्तिधाम उन्नयन और सामुदायिक भवन निर्माण तथा एक करोड़ रुपये की लागत से चार वार्डों में सड़क, नाली और सामुदायिक भवन निर्माण कराया जाएगा। वहीं, पाइपलाइन विस्तार के लिए तीन करोड़ दो लाख 82 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

उप मुख्यमंत्री अरूण साव ने कहा कि पिछले दो वर्षों में राजनांदगांव नगर निगम को विभिन्न योजनाओं के तहत करीब 267 करोड़ रुपये प्राप्त हुए हैं। उन्होंने शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नागरिकों से सहयोग का आह्वान किया।

उन्होंने बताया कि गांधी चौक, पोस्ट ऑफिस चौक और नंदई चौक के सौंदर्यीकरण के लिए करीब तीन करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रक्रिया में है। रानी सागर और बूढ़ा सागर तालाब के पुनर्विकास के लिए 14 करोड़ रुपये की योजना तैयार की गई है।

सड़क अधोसंरचना के तहत जीई रोड से लखोली कबाड़ी दुकान तक 6.85 करोड़ रुपये, आरके नगर चौक से डोंगरगांव रोड तक 6.90 करोड़ रुपये तथा बायपास कन्हारपुरी से तिरंगा चौक तक 5.50 करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण एवं चौड़ीकरण के कार्य प्रस्तावित हैं।

इसके अलावा मोहारा जल संयंत्र की मरम्मत के लिए चार करोड़ रुपये तथा ढाबा, गौरीनगर और गोकुलनगर में ओवरहेड टैंक निर्माण के लिए 12.61 करोड़ रुपये की योजना है।

सांसद संतोष पाण्डेय ने केंद्र और राज्य सरकार की ओर से किए जा रहे रेलवे एवं अन्य अधोसंरचना विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि परमालकसा से खरसिया तक नई रेल लाइन और चौथी रेल लाइन का काम प्रगति पर है। राजनांदगांव और डोंगरगढ़ रेलवे स्टेशनों को अमृत रेलवे स्टेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है। गौरीनगर, स्टेशन पारा और मोतीपुर में अंडरब्रिज निर्माण से आवागमन में सुविधा मिलेगी।

कार्यक्रम में महापौर मधुसूदन यादव, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा, श्रम कल्याण मंडल के अध्यक्ष योगेश दत्त मिश्रा, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष सचिन बघेल, राजगामी संपदा न्यास की अध्यक्ष पूर्णिमा साहू, पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दुर्गा प्रसाद अधिकारी सहित जनप्रतिनिधि, पार्षद और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

 

Next Post

संस्कार कांवड़ यात्रा में शामिल होंगे सीएम, पुलिस, प्रशासनिक अमला अलर्ट

Mon Aug 10 , 2026
जबलपुर: संस्कारधानी जबलपुर की प्रसिद्ध संस्कार कांवड़ यात्रा सावन महीने के दूसरे सोमवार, 10 अगस्त को आयोजित होगी। जिसमें मुख्यमंत्री मोहन यादव भी शामिल होगे। यात्रा नर्मदा नदी के ग्वारीघाट से प्रारंभ होकर पनागर तहसील क्षेत्र के मटामर गांव की पहाड़ी पर स्थित कैलाश धाम मंदिर तक जाएगी। यात्रा की […]

You May Like