
पांढुरना, श्रावण मास प्रारंभ होते ही शिवभक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिलता है,बीते 12 वर्षों की तरह इस वर्ष भी पांढुरना नगर से 19 तीर्थयात्रियों का जत्था देवाधिदेव महादेव के धर्मिक स्थल बाबा बैद्यनाथ धाम में पवित्र गंगाजल अर्पित करने के लिए बीते रात्रि यहां के रेलवे स्टेशन से रवाना हुए,यह सभी आगामी 15 अगस्त को बाबा बैद्यनाथ को गंगा जल चढ़ाएंगे ।
यह यात्रा में शामिल 000
यात्रा में तनय अग्रवाल, विक्रम सिंह ठाकुर, श्यामसिंह सोलंकी, अश्विन निनावे, ईश्वर वढूलकर, चंद्रशेखर बुवाड़े, पंकज गाडगे, कुणाल वघाले, दिनेश घाटोड़े, राकेश देशमुख, ललित पटेल, रवि जोंजाल, गणेश वाघमारे, ललित खवसे, रंजीत टेकाम, बालकृष्ण (मामा) पराड़कर, नंदू कोल्हे, गणेश कोल्हे, वीरेंद्र पालीवाल शामिल हैं।
नर्मदा और गंगा जल से करेंगे बाबा विश्वनाथ का अभिषेक 000
कांवड़ियों के यात्रा कार्यक्रम के अनुसार श्रद्धालु सर्वप्रथम मां नर्मदा के पवित्र जल में स्नान कर नर्मदा जल साथ लेकर जबलपुर पहुंचेंगे। यहां अन्य श्रद्धालुओं के साथ मिलकर जत्था आगे की यात्रा करेगा। इसके बाद बनारस पहुंचकर मां गंगा के पवित्र जल में स्नान कर गंगाजल एवं नर्मदा जल से बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा।
इसके पश्चात श्रद्धालु बिहार के सुल्तानगंज पहुंचेंगे। यहां उत्तरवाहिनी गंगा के पवित्र जल को कांवड़ में भरकर बाबा बैद्यनाथ धाम की ओर पैदल यात्रा प्रारंभ की जाएगी।
112 किलोमीटर नंगे पैर चलकर पहुंचेंगे बाबा धाम 000
सुल्तानगंज से कांवड़ में पवित्र गंगाजल लेकर श्रद्धालु ‘बोल बम’ के जयकारों के साथ नंगे पैर पैदल यात्रा करेंगे। लगभग 112 किलोमीटर की कठिन यात्रा पूरी कर कांवड़िए झारखंड के देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचेंगे।
सभी के सुख समृद्धि के लिए करेंगे प्रार्थना 000
इन श्रद्धालुओं द्वारा कांवड़ में लाए गए पवित्र गंगाजल से बाबा बैद्यनाथ ज्योतिर्लिंग का जलाभिषेक कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की मंगलकामना की जाएगी।
शिव और शक्ति दोनों की आराधना का प्रमुख केंद्र है बाबा धाम 000
झारखंड के देवघर जिले में स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम देश के प्रमुख ज्योतिर्लिंगों में से एक है। धार्मिक मान्यता के अनुसार यहां भगवान शिव ज्योतिर्लिंग स्वरूप में विराजमान हैं। बाबा बैद्यनाथ धाम का महत्व इसलिए भी विशेष है, क्योंकि यहां शक्तिपीठ भी स्थित है। मान्यता है कि माता सती का हृदय इसी स्थान पर गिरा था। इस प्रकार देवघर में भगवान शिव और माता शक्ति दोनों की आराधना का विशेष महत्व है।
24 अगस्त को पांढुरना में निकलेगी विशाल कांवड़ यात्रा 000
बजरंग कांवड़ संघ द्वारा बाबा धाम से लौटने के बाद 24 अगस्त को पांढुरना नगर में विशाल कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी। कांवड़ियों द्वारा विभिन्न पवित्र नदियों के जल से नगर के प्राचीन शिव मंदिर में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा।
