स्कूल में शराब के नशे में धुत्त शिक्षक, ड्यूटी टाइम में सोते मिला

बैतूल: जिले के चिचोली विकासखंड के मांडवाड़ा गांव स्थित शासकीय माध्यमिक शाला में एक शिक्षक की लापरवाही का मामला सामने आया है। वायरल हो रहे वीडियो में शिक्षक ड्यूटी के समय स्कूल परिसर में शराब के नशे में धुत्त होकर सोता हुआ पाया गया। बताया जा रहा है कि वह अपने साथ शराब और चखना भी लाया था, जिसे स्कूल में ही बैठकर सेवन किया और फिर वहीं सो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही जयस संगठन के कार्यकर्ता स्कूल पहुंचे, जहां शिक्षक को नशे की हालत में पाया गया। मौके से शराब की बोतल और खाने का सामान भी बरामद हुआ। वीडियो में यह स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि स्कूल के भीतर अनुशासन और शिक्षण व्यवस्था का गंभीर अभाव है।ग्रामीणों ने बताया कि यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी शिक्षक शराब पीकर स्कूल आते रहे हैं, लेकिन आज तक कोई सख्त कार्रवाई नहीं हुई।

स्कूल में पदस्थ दूसरा शिक्षक भी बिना पूर्व सूचना के लंबे समय से अनुपस्थित है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि शिक्षक अक्सर समय से पहले स्कूल बंद कर चले जाते हैं।प्रशासन और शिक्षा विभाग द्वारा स्कूलों की निगरानी के लिए अधिकारी नियुक्त किए गए हैं, लेकिन यहां उनकी भूमिका नगण्य नजर आ रही है। ग्रामीणों ने दोषी शिक्षकों पर तत्काल निलंबन और विभागीय कार्रवाई की मांग की है।अब देखना यह होगा कि शिक्षा विभाग वायरल वीडियो के आधार पर क्या ठोस कदम उठाता है, या यह मामला भी अन्य मामलों की तरह ठंडे बस्ते में चला जाएगा।

Next Post

बालाघाट को मिली जबलपुर-रायपुर इंटरसिटी और रीवा-पुणे सुपरफास्ट ट्रेन की सौगात

Sun Aug 3 , 2025
बालाघाट: मध्य प्रदेश को दो नई ट्रेनों की सौगात दी गई है। इनमें से एक ट्रेन प्रतिदिन चलने वाली जबलपुर-रायपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस और दूसरी साप्ताहिक ट्रेन रीवा-पुणे सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन है। इन ट्रेनों के प्रारंभ होने से बालाघाट को भी एक बड़ी सौगात मिली है। यह दोनों ट्रेन बालाघाट से […]

You May Like