
सिंगरौली । सरई थाना क्षेत्र अंतर्गत बरका चौकी के गन्नई गांव में शनिवार अलसुबह सड़क किनारे एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव ग्राम पंचायत भवन के समीप झुरही.सरई मार्ग के किनारे पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। वहीं ग्रामीण ने शव को सड़क पर रख कर 4 घंटे तक चक्काजाम किया था।
जानकारी के अनुसार आज शनिवार की सुबह एसडीओपी गायत्री तिवारी को सूचना दी गई कि गन्नई गांव के सड़क के किनारे खून से लथपथ एक युवक सीता प्रताप सिंह पिता दशई सिंह निवासी झुरहानार, पंचायत पोखरीटोला उम्र करीब 25 वर्ष का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही सरई टीआई के साथ बरका चौकी पुलिस एवं एसडीओपी देवसर पहुंच घटनास्थल का जायजा लेते हुये शव को अपने कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दिया है। मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुये सड़क पर शव रख आवागमन बाधित कर दिया। मौके पर पुलिस ने लोगों को समझा-बुझा कर मामले को शांत कराया । इस दौरान एसडीओपी ने कहा कि पोस्टमार्टम कराने के बाद मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। आरोपी कोई भी, उसे बक्शा नही जाएगा। एसडीओपी के आश्वासन के बाद विवाद शांत हुआ।
रात में हुआ शराब-मुर्गा पार्टी
सूत्रों के अनुसार रात में शराब एवं मुर्गा पार्टी का आयोजन हुआ, जहां मृतक के साथ-साथ परिवार के अन्य सदस्य भी शामिल हुये। रात करीब 10 बजे मृतक वहां से रवाना हुआ और कहां गया, किसी को पता नही। सुबह जानकारी मिली की सीता प्रताप सिंह का शव सड़क किनारे पड़ा हुआ है और शव के बगल में मोबाइल पड़ा था। इस घटना पर लोगों की तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। सूत्रों का कहना है कि युवक की सुनियोजित तरीके से हत्या की गई है, कहीं न कहीं इसमें सातिर लोगों का हाथ हो सकता है। फिलहाल पुलिस मामले को गंभीरता से लेकर जांच कर रही है।
