तेंदुहा गोलीकांड का आरोपी निकला भाजयुमो मौहरिया का अध्यक्ष

एसपी के गठित टीम ने 24 घंटे में किया गिरफ्तार, बिना कारण सनकी आरोपी ने युवक पर चलायी गोली, 32 बोर पिस्टल व एक्सयूव्ही कार जप्त

नवभारत न्यूज

सिंगरौली 14 जुलाई। चितरंगी थाना क्षेत्र के ग्राम तेंदुहा पोड़ी में शनिवार की प्रात: सरेराह युवक को गोली मारकर हत्याकांड को अंजाम देने वाले सनकी बीजेपी युवा मोर्चा मौहरिया अध्यक्ष को पुलिस टीम ने घेराबंदी कर चितरंगी अस्पताल तिराहा से गिरफ्तार कर लिया।

उक्ताशय का खुलासा करते हुए एसपी निवेदिता गुप्ता ने बताया की ग्राम तेंदुहा पोड़ी में शनिवार को हुई हत्याकांड के मुख्य आरोपी अभिषेक पाण्डेय पुत्र अनिल पाण्डेय उम्र 30 निवासी कुल्हईया जो भारतीय जनता पार्टी मौहरिया का युवा मोर्चा का अध्यक्ष है। जहां शनिवार को प्रात: 9:30 बजे तेंदुहा पोड़ी मार्ग पर मृतक लाले बंसल पुत्र गुनीलाल बंसल उम्र 23 वर्ष निवासी दुर्दरा पर गोली चलाकर हत्या को अंजाम दिया था। जिसके बाद से आरोपी जिले से बाहर भागने के फिराक में था। वह लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था। वही उसे यह भी डर था कि पुलिस उसे पकड़ सकती है। जिसे पुलिस की गठित तीन टीम ने कड़ी मशक्कत से घेराबंदी कर 24 घण्टे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

भाजपा ने आरोपो पर किया डैमेज कंट्रोल

भाजपा के युवा मोर्चा के नेताआ का नाम कोई पहली बार अपराध से नहीं जुड़ा है। इसके पहले भी जिले में कई ऐसे अपराध हुए हैं। जिसमें भाजयुमो के नेताओं का नाम अपराध से जुड़ा था। अब गोली कांड में भाजपा का भाजयुमो उपाध्यक्ष पकड़ाया तो भाजपा नेताओं पर सवाल खड़े होने लगे। इस बीच भाजयुमो जिलाध्यक्ष लग रहें आरोपों का डैमेज कंट्रोल करने में जुट गए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया में अपना एक पत्र शेयर किया हैं। जहां उन्होंने बताया कि हाल में ही संपन्न हुए लोकसभा चुनाव के दौरान गोलीकांड का आरोपी अभिषेक पाण्डेय अपने दायित्वों का निर्वहन संगठन हित में नहीं किया था तथा इनका आचरण पार्टी गाइडलाइन के विपरीत पाया गया था। जिसके बाद पार्टी के वरिष्ठ शीर्ष नेतृत्व के निर्देशों की अवहेलना करने भाजपा सिंगरौली के जिलाध्यक्ष रामसुमिरन गुप्ता के निर्देश पर 2 मई को मंडल अध्यक्ष के दायित्व से मुक्त कर दिया गया था।

आरोपी को गिरफ्तार करने में इनकी रही भूमिका

पुलिस अधीक्षक निवेदिता गुप्ता के निर्देशन, एएसपी शिव कुमार वर्मा के मार्गदर्शन में एसडीओपी चितरंगी आशीष जैन, निरीक्षक एसएम पटेल, उनि उमेश तिवारी, सउनि मनीष सेन, प्रआर लक्ष्मी कांत मिश्रा, मनीष कुसराम, आर भैयालाल यादव, नन्दलाल यादव, मुकेश पाण्डेय, शुभम पटेल, शिव कुमार पटेल, जितेंद्र तिवारी, सर्वदानंद राय, सुदर्शन चौहान, बीर सिंह, सचिन शुक्ला, आशीष पाल व शोभाल वर्मा का सराहनीय योगदान रहा।

सनकी बीजेपी युवा अध्यक्ष ने अकारण युवक की ले ली जान

गिरफ्तार आरोपी ने अपने कबूल नामे में बताया की वह शनिवार को अपने एक्सयूपी 300 कार से अपने भैया को लेने रीवा जा रहा था और अपने पास लायसेंसी 32 बोर का पिस्टल रखा था। जिसमें 8 कारतूस भरे हुए थे। आरोपी अनुसार वह जैसे ही गिरछाँदा स्थित राजेश्वरी पेट्रोल पम्प से लगभग डेढ़ किलोमीटर आगे पहुंचा तो देखा कि एक लड़का घायल अवस्था में पड़ा हुआ है और पास में मृतक युवक सिर पर लाल रंग का गमछा बांधे खड़ा है। जिससे उसने पूछा कि क्या हुआ भाई, यह सुनते ही मृतक अपनी मोटरसाइकिल से कुंडैनिया रोड तरफ भागने लगा। जिसका आरोपी ने अपनी कार से पीछा किया। लेकिन मृतक रुकने को तैयार नही था और वह भागते-भागते तेंदुहा पोड़ी मार्ग तरफ भागने लगा। जिसे आरोपी अभिषेक ने अपनी कार से ओवरटेक करके रोकने का प्रयास किया। लेकिन मृतक इसके बाद भी नही रुका और पिपरवान की ओर भागने लगा। जिसका पीछा कर गुस्से से लाल आरोपी अभिषेक ने पहले डराने के लिए हवाई फायरिंग किया और जब उसके बाद भी नही रुका तो उसे गोली मारने की चेतावनी देते हुए सच में उसके पीठ पर गोली चला दिया। मृतक गोली लगने के बाद भी कुछ दूर तक गया और उसकी मौत हो गयी। घटना के बाद आरोपी बेफिक्र अपने भैया को लेने रीवा गया और वापसी के बाद चितरंगी अस्पताल तिराहा के पास पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

Next Post

खुशी कक्कड़ और काजल त्रिपाठी का नया लोकगीत 'हमार सरकार चली' रिलीज

Mon Jul 15 , 2024
Share on Facebook Tweet it Share on Reddit Pin it Share it Email मुंबई, (वार्ता) गायिका खुशी कक्कड़ और अभिनेत्री काजल त्रिपाठी का नया लोकगीत ‘हमार सरकार चली’ रिलीज हो गया है। लोकगीत ‘हमार सरकार चली’ वर्ल्डवाइड रिकॉर्ड्स भोजपुरी के ऑफिसियल यूट्यूब चैनल पर रिलीज किया गया है। इस गाने […]

You May Like