रीवा: निगम आयुक्त अक्षत जैन ने गुरुवार को ट्रांसपोर्ट नगर स्थित बस डिपो का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने इलेक्ट्रिक बसों के संचालन की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आगामी एक सप्ताह के भीतर समस्त प्रक्रियाएं पूर्ण कर शीघ्र इलेक्ट्रिक बसों का संचालन प्रारंभ करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि डिपो में चार्जर स्थापित किए जा चुके हैं। निगम आयुक्त ने कहा कि चार्जिंग की शेष व्यवस्थाएं भी शीघ्र पूर्ण कर ली जाएं। साथ ही बसों के पंजीयन सहित समस्त औपचारिकताएं, कंडक्टरों का प्रशिक्षण एवं दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया भी निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
गौरतलब है कि स्वच्छ एवं पर्यावरण-अनुकूल परिवहन प्रणाली को बढ़ावा देने के लिए रीवा सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेस लिमिटेड द्वारा इंटरसिटी इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जाना है। परियोजना की लागत लगभग 9 करोड़ रुपये निर्धारित है। ये बसें रीवा से सतना, सीधी एवं जबलपुर मार्गों पर संचालित की जाएंगी। प्रत्येक मार्ग पर 2-2 बसें संचालित की जाएंगी। निगम आयुक्त ने बताया कि शहर को सस्टेनेबल ट्रांसपोर्ट हब बनाने की दिशा में यह कदम महत्वपूर्ण साबित होगा तथा शहरवासियों को प्रदूषण-रहित सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिलेगी।
