
इंदौर. शहर और आसपास के क्षेत्रों में सड़क हादसों की श्रृंखला के बीच एक दर्दनाक मामला सामने आया, जिसमें पैदल जा रही महिला की ट्रक की चपेट में आकर मौत हो गई. वहीँ ठिकाना गांव में जीप की टक्कर से एक अन्य महिला गंभीर घायल हुई. उधर, प्रेम संबंधों में तनाव से एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, तीनों मामलों में पुलिस जांच कर रही है.
चंद्रावतीगंज थाना क्षेत्र में धर्मात सेट के पास तेज रफ्तार ट्रक नम्बर एमपी 09 एफए 2715 ने पैदल जा रहीं 50 वर्षीय ससेजबाई पति प्रमोद शुक्ला निवासी चंद्रावतीगंज को कुचल दिया. हादसे में उनके दोनों पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई. परिजनों ने पुलिस को बताया कि रास्ते में रेलवे फाटक बंद होने से एम्बुलेंस करीब 30 मिनट तक अटकी रही, समय पर उपचार न मिलने से उनकी हालत और बिगड़ गई. इसी तरह की दूसरी घटना ठिकाना गांव में पंजाबी ढाबे के सामने हुई, जहां जीप नम्बर एमपी 33 बीटी 1111 की टक्कर से 55 वर्षीय इंदिराबाई पति दशरथ रावत घायल हो गईं. उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया है. पुलिस ने संजय बिहारीसिंह चौहान की रिपोर्ट पर केस दर्ज कर जांच शुरू की है. इधर, भटटा क्षेत्र में रहने वाले 20 वर्षीय मोहित गजानंद तरवरिया ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. वह धार्मिक आयोजनों में साउंड सिस्टम का काम करता था. परिजनों ने पुलिस को बताया कि मोहित का एक युवती से प्रेम संबंध था, लेकिन युवती ने शादी से इंकार कर दिया था. इस तनाव में उसने जान दे दी. जांच में उसके मोबाइल से युवती के साथ चैट और कॉल रिकॉर्डिंग भी मिली है. परिजन उस वक्त शहर से बाहर थे, जबकि बहन दवा लेने गई हुई थी. तीनों ही मामलों में पुलिस जांच कर रही है.
