भोपाल। व्यापारियों की दुकानों एवं प्रतिष्ठानों की तालाबंदी से उत्पन्न आर्थिक संकट के विरोध में नगर निगम मुख्यालय सेकंड स्टॉप पर व्यापारियों ने प्रदर्शन करते हुए नगर निगम भोपाल का पुतला दहन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि हाई कोर्ट में नगर निगम की ओर से प्रभावी पक्ष नहीं रखे जाने का खामियाजा छोटे दुकानदारों और व्यापारियों को भुगतना पड़ रहा है।
प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने कहा कि तालाबंदी के कारण उनकी आजीविका प्रभावित हो रही है और कई परिवार आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। उनका कहना था कि प्रशासनिक लापरवाही की कीमत छोटे व्यापारियों को नहीं चुकानी चाहिए।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए शीघ्र ठोस कदम उठाए जाएं और उनकी समस्याओं का समाधान किया जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि व्यापारियों की आवाज़ को हर मंच पर मजबूती से उठाया जाएगा और उनके अधिकारों की लड़ाई जारी रहेगी।
