
हटा/दमोह। गैसाबाद थाना क्षेत्र के जलखण्डी के पास व्यारमा नदी में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में युवक की डूबने से मौत हो गई। थाना प्रभारी सौरभ शर्मा ने बताया कि मृतक की पहचान सक्षम जैन पिता- चक्रेश जैन के रूप में हुई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, सक्षम अपने दोस्तों के साथ व्यारमा नदी में नहाने गया था। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथियों ने उसे बाहर निकालकर तत्काल सिविल अस्पताल हटा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।घटना गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे की बताई जा रही है। अस्पताल से मामले की सूचना संबंधित थाना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी है।इस हृदयविदारक घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
