
भोपाल। मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग के अंतर्गत तुलसी शोध संस्थान द्वारा वर्ष 2026 का ‘पद्मभूषण युगतुलसी पं. रामकिंकर उपाध्याय राष्ट्रीय पुरस्कार’ वरिष्ठ पत्रकार, लेखक एवं राष्ट्रचिंतक रामबहादुर राय को प्रदान किया जाएगा।
संस्थान की ओर से जारी जानकारी के अनुसार अलंकरण समारोह 06 अगस्त को सायं 04 बजे तुलसी मानस प्रतिष्ठान स्थित मानस भवन में आयोजित किया जाएगा।
रामबहादुर राय हिंदी के वरिष्ठ पत्रकार, लेखक और चिंतक हैं। वह वर्तमान में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र के अध्यक्ष तथा देश की बहुभाषी समाचार एजेंसी हिन्दुस्थान समाचार के समूह संपादक हैं। समाज, राजनीति और समसामयिक विषयों पर उनके लेखन एवं संपादन को व्यापक सम्मान प्राप्त है।
उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में 01 जुलाई 1946 को जन्मे श्री राय ने काशी हिन्दू विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में स्नातकोत्तर तथा राजस्थान विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया। उन्होंने बिहार आंदोलन में सक्रिय भागीदारी निभाई तथा वर्ष 1971 के बांग्लादेश मुक्ति संग्राम की रिपोर्टिंग भी की। वह जे.बी. कृपलानी मेमोरियल ट्रस्ट के ट्रस्टी भी हैं।
पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्होंने जनसत्ता में संवाददाता, मुख्य संवाददाता, ब्यूरो प्रमुख तथा जनसत्ता समाचार सेवा के संपादक सहित विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया। इसके अलावा नवभारत टाइम्स में विशेष संवाददाता के रूप में भी कार्य किया। वर्तमान में वह विभिन्न राष्ट्रीय पत्र-पत्रिकाओं में समसामयिक विषयों पर नियमित लेखन कर रहे हैं।
