
रीवा, मऊगंज जिले के सीतापुर क्षेत्र में हाइवे पर दिनदहाड़े कथित लूट की वारदात को अंजाम दिया गया है. चाकू की नोक पर लूट के साथ मोबाइल लेकर आरोपी फरार हो गये. एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है जबकि अन्य की तलाश की जा रही है.
मिली जानकारी के अनुसार केला लोड़ कर भुसावल से बनारस जा रहे ट्रक चालक को तीन युवकों ने मोटर साइकिल से ओवरटेक कर रास्ते में रोक लिया. इसके बाद कथित तौर पर चाकू की नोक पर पहले नकदी की मांग की गई और जब चालक ने पैसे नहीं होने की बात कही तो उसके मोबाइल से यूपीआई स्कैनर के जरिए 5.000 रुपए ट्रांसफर करा लिए गए. इतना ही नहीं आरोप है कि बदमाश चालक के भतीजे का मोबाइल फोन भी छीनकर फरार हो गए. शिकायतकर्ता राजकुमार पटेल निवासी लदबद जिला सीधी ने पुलिस को बताया कि वह अपने क्लीनर रोहित कुमार पटेल और भतीजे राकेश कुमार पटेल के साथ ट्रक से केला लेकर बनारस जा रहा था. दोपहर करीब 12:30 बजे सीतापुर से आगे महुगड़ा स्थित बल्लू ढाबे के पास तीन युवक मोटरसाइकिल से पहुंचे और ट्रक के सामने बाइक लगाकर उसे रोक दिया. आरोपियों ने कथित तौर पर चाकू दिखाकर पहले 3,000 और फिर जान से मारने की धमकी देकर 2,000 और यूपीआई के माध्यम से अपने स्कैनर पर पैसे ट्रांसफर करा लिए. वारदात के बाद आरोपी भतीजे का मोबाइल फोन छीनकर मौके से फरार हो गए. घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने ढाबे पर मौजूद लोगों से पूछताछ करने पर आरोपियों की पहचान की गई. एएसपी शशिकांत सरयाम ने बताया कि एक आरोपी को पकड़ लिया गया है जबकि दो आरोपी फरार है जिनकी तलाश की जा रही है.
