
सुसनेर, नगर की प्रथम एवं वर्षों से निरंतर आयोजित हो रही बोल बम कांवड़ यात्रा की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं. यात्रा को लेकर को अंतिम बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें यात्रा से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जाएगा.
यात्रा समिति के अनुसार 9 अगस्त को शिवभक्त सुसनेर से भगवान ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन एवं जलाभिषेक के लिए रवाना होंगे. श्रद्धालु पवित्र नर्मदा जल लेकर भगवान ओंकारेश्वर का अभिषेक करेंगे तथा वापसी पर यह जल सुसनेर के मेला ग्राउंड स्थित श्री नीलकंठेश्वर महादेव मंदिर में अर्पित करेंगे. यात्रा को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से समिति के सदस्य नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार जनसंपर्क कर रहे हैं. शिवभक्तों को यात्रा से जोडऩे के लिए व्यापक संपर्क अभियान चलाया जा रहा है. समिति ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से यात्रा में शामिल होकर धर्म लाभ लेने की अपील की है. यात्रा संचालन के लिए गठित समिति में आनंद गुर्जर को अध्यक्ष, करण मीणा को महामंत्री एवं संदीप गुर्जर को उपाध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया है. इसके अलावा अन्य पदाधिकारियों एवं सदस्यों को भी विभिन्न जिम्मेदारियां दी गई है. समिति ने बताया कि सुसनेर की यह बोल बम कांवड़ यात्रा नगर की पहली कांवड़ यात्रा है, जिसे नगर के युवा कई वर्षों से श्रद्धा, सेवा और अनुशासन के साथ निरंतर आयोजित करते आ रहे हैं. प्रत्येक वर्ष बड़ी संख्या में शिवभक्त इसमें शामिल होकर भगवान भोलेनाथ के जयकारों के साथ अपनी आस्था प्रकट करते हैं. समिति ने नगर एवं क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से 9 अगस्त को अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर यात्रा को भव्य, सफल एवं ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया.
