
भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी ने संगठन को नए सिरे से मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए प्रदेश, जिला, शहर, ब्लॉक तथा अन्य सभी स्तरों पर कार्यरत पार्टी के सभी विभागों, प्रकोष्ठों और उनकी समस्त इकाइयों को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है। यह निर्णय व्यापक संगठनात्मक पुनर्गठन अभियान के तहत लिया गया है।
प्रदेश कांग्रेस के संगठन महामंत्री डॉ. संजय कामले ने बताया कि यह निर्णय अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश तथा मध्यप्रदेश कांग्रेस के प्रभारी हरीश चौधरी के मार्गदर्शन में चल रही संगठनात्मक पुनर्संरचना प्रक्रिया के तहत लिया गया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी का मानना है कि इस पुनर्गठन से संगठन में नई ऊर्जा का संचार होगा, नई कार्य संस्कृति विकसित होगी तथा जवाबदेही बढ़ेगी। यह अभियान कांग्रेस के देशव्यापी संगठन सुदृढ़ीकरण कार्यक्रम का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य जनता के बीच सक्रिय और मजबूत संगठन तैयार करना है।
डॉ. कामले ने कहा कि पुनर्गठन के बाद बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक संगठन को नई संरचना के अनुरूप सशक्त बनाया जाएगा। कांग्रेस की विचारधारा के अनुरूप जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने वाले तथा जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने वाले कार्यकर्ताओं को उनकी प्रतिबद्धता, कार्यक्षमता और प्रदर्शन के आधार पर संगठनात्मक जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।
उन्होंने बताया कि पुनर्गठन प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी विभागों और प्रकोष्ठों का नए स्वरूप में गठन किया जाएगा तथा नई नियुक्तियों की घोषणा शीघ्र की जाएगी।
