इंदौर:जिला प्रशासन ने मंगलवार को तीस करोड़ रुपए बाजार मूल्य की जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया. साथ ही उक्त सरकारी जमीन पर अवैध कॉलोनी का कब्जा भी हटाने की कार्रवाई की गई.कलेक्टर के निर्देश पर आज राजस्व, पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त टीम ने ग्राम पिपलिया राव स्थित सर्वे नंबर 82 की लगभग 2 एकड़ बेशक¸ीमती सरकारी जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराया. अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनी तथा आटा बनाने का अवैध प्लांट भी जमींदोज किया गया.
एसडीएम जूनी इंदौर घनश्याम धनगर ने बताया कि निर्भय पिता भेरू सिंह एवं लालू नागर ने सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करके एक हिस्से में प्लॉटिंग कर भूखंडों का विक्रय भी प्रारंभ कर दिया था. प्रशासन ने अवैध प्लॉटिंग को हटाकर तथा संपूर्ण भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया. एसडीएम धनगर ने बताया कि अतिक्रमण से मुक्त कराई सरकारी जमीन का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 30 करोड़ रुपए है. कार्रवाई के दौरान प्रशासन एवं राजस्व विभाग, पुलिस बल तथा नगर निगम रिमूवल विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे
