
सिंगरौली । नगर परिषद सरई में कथित भ्रष्टाचार, अधूरी विकास योजनाओं और मूलभूत सुविधाओं की बदहाल स्थिति के खिलाफ मंगलवार को सरई व्यापारी युवा संघ ने जोरदार प्रदर्शन किया।
सैकड़ों युवाओं ने उत्तरा मैदान से रैली निकालकर मुख्य बाजार, रेलवे तिराहा होते हुए नगर परिषद कार्यालय तक पहुंचकर नारेबाजी की और मुख्य नगर पालिका अधिकारी को आठ सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि 30 दिनों के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि नगर परिषद क्षेत्र में विकास कार्य वर्षों से अधूरे पड़े हैं। वार्ड क्रमांक 13 स्थित मुख्य बाजार मार्ग का डामरीकरण नहीं होने से धूल, कीचड़ और आवागमन की समस्या बनी हुई है। सभी वार्डों में लंबित स्ट्रीट लाइट कार्य, अधूरी नल-जल योजना तथा पेवर ब्लॉक निर्माण को भी तत्काल पूरा कराने की मांग उठाई गई। व्यापारियों ने नगर परिषद की सफाई व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े किए। ज्ञापन में स्पष्ट निर्देश जारी करने की मांग की गई कि सार्वजनिक स्थानों से गोबर और गंदगी हटाने की जिम्मेदारी किसकी होगी, ताकि अनावश्यक विवाद समाप्त हो सके।
विकास कार्य धीमी प्रगति पर नाराजगी
ज्ञापन में मुख्य बाजार में स्थायी ऑटो स्टैंड विकसित करने, सड़क किनारे संचालित अंडा, मांस एवं मछली की दुकानों को निर्धारित स्थान पर स्थानांतरित करने तथा प्रमुख मार्गों पर आवारा मवेशियों की रोकथाम की भी मांग की गई। व्यापारियों का कहना है कि इन समस्याओं से यातायात प्रभावित होने के साथ-साथ बाजार की व्यवस्था भी बिगड़ रही है। युवा संघ ने यह भी कहा कि नगर परिषद क्षेत्र में विकास कार्यों की गति बेहद धीमी है, जिससे नागरिकों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि एक माह के भीतर मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो नगर परिषद कार्यालय के सामने चरणबद्ध और आंदोलन शुरू किया जाएगा।
युवा व्यापारियों के कड़े रूख से नप में हड़कंप
सरई नगर परिषद के युवा व्यापारियों ने आज लामबंद होकर ज्ञापन सौपने पहुंचे। इस दौरान नगर में व्याप्त अव्यवस्था,गंदगी, कचरे से बजबजा रही नालियां, जगह-जगह लगे कचरे का ढेर, अधूरे नल-जल योजना को पूर्ण कराकर स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने, वार्ड 13 मुख्य सरई बाजार की सड़क का शीघ्र डामरीकरण कार्य कराने, वार्डो में लंबित स्ट्रीट लाइट के कार्य को प्राथमिकता के आधार पर कराए जाने समेत मुख्य मार्ग में नो-एंट्री के पूर्व पानी का छिड़काव किये जाने , सड़क के किनारे खुले स्थानों पर संचालित अंडा,मांस-मछली की दुकानों को उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किये जाने संबंधित मांग शामिल हैं। इधर व्यापारी युवाओं के एकता को देख नगर परिषद अमले को भी दिन में ही आसमान में तारे नजर आने लगे।
