सतना: दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पर्व के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पश्चिम मध्य रेलवे ने अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों के संचालन की व्यवस्था की है। इसके तहत रानी कमलापति-दानापुर, रीवा-रानी कमलापति और रीवा-डॉ. अंबेडकर नगर के बीच स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी।इन ट्रेनों से मध्य प्रदेश के यात्रियों को बिहार, भोपाल और इंदौर क्षेत्र की ओर यात्रा करने में सुविधा मिलेगी। खास बात यह है कि रीवा-रानी कमलापति स्पेशल ट्रेन का ठहराव सतना और मैहर स्टेशनों पर भी निर्धारित किया गया है, जिससे विंध्य क्षेत्र के यात्रियों को लाभ मिलेगा।
रीवा-रानी कमलापति स्पेशल सतना और मैहर में भी रुकेगी। रीवा और भोपाल के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए साप्ताहिक सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। गाड़ी संख्या 02192 रीवा-रानी कमलापति स्पेशल 17 और 24 अक्टूबर तथा 7 और 14 नवंबर 2026 को प्रत्येक शनिवार को रीवा स्टेशन से दोपहर 12:30 बजे रवाना होकर उसी दिन रात 9:15 बजे रानी कमलापति पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 02191 रानी कमलापति-रीवा स्पेशल इन्हीं तिथियों में प्रत्येक शनिवार को रात 10:15 बजे रानी कमलापति स्टेशन से रवाना होगी और अगले दिन सुबह 7:20 बजे रीवा पहुंचेगी। दोनों दिशाओं में इस ट्रेन के चार-चार फेरे संचालित किए जाएंगे।
पूजा स्पेशल भी चलेगी
रीवा से इंदौर क्षेत्र की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए गाड़ी संख्या 01704 रीवा-डॉ. अंबेडकर नगर स्पेशल ट्रेन प्रत्येक शनिवार को रात 10:50 बजे रीवा स्टेशन से रवाना होकर अगले दिन दोपहर 3: 05 बजे डॉ. अंबेडकर नगर पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 01703 डॉ. अंबेडकर नगर-रीवा स्पेशल प्रत्येक रविवार को रात 9:20 बजे डॉ. अंबेडकर नगर से रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 1:30 बजे रीवा पहुंचेगी।
