
सतना: जिले के चित्रकूट थाना क्षेत्र में रविवार तडक़े बड़ा सडक़ हादसा हो गया। झूरी नदी के पास तीर्थयात्रियों से भरी एक बोलेरो अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए।दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सडक़ से गुजर रहे तीर्थयात्रियों ने तत्परता दिखाते हुए नदी में उतरकर वाहन सवारों को बाहर निकाला। पुलिस और डायल 112 की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य किया। सभी घायलों को चित्रकूट स्थित जानकीकुंड अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।
जानकारी के अनुसार बोलेरो में सवार सभी छह यात्री उत्तर प्रदेश के कानपुर और आसपास के क्षेत्र के निवासी थे। वे मैहर स्थित मां शारदा मंदिर में दर्शन करने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान रविवार तडक़े करीब 3 बजे चित्रकूट थाना क्षेत्र में झूरी नदी के पास चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और बोलेरो नदी में जा गिरी। इस दुर्घटना में कानपुर के नौबस्ता थाना क्षेत्र के द्विवेदी नगर गल्ला मंडी निवासी 50 वर्षीय सुनील गुप्ता और यशोदा नगर की गंगापुर कॉलोनी निवासी 30 वर्षीय हिमांशु सिंह सेगर की मौत हो गई।
घायलों का उपचार जारी
हादसे में घायल राजकुमार गुप्ता (37) निवासी ग्राम टेढ़ा जिला हमीरपुर, गोपाल तिवारी (42) निवासी संजय गांधी नगर कानपुर, दीपक तिवारी (35), पिता पवन कुमार तिवारी निवासी नौबस्ता कानपुर नगर और राहुल पांडे (35) निवासी गंगापुर कॉलोनी कानपुर को उपचार के लिए जानकीकुंड अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस हादसे से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रही है।
