
भोपाल। जम्मू-कश्मीर प्रवास के दूसरे दिन मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने शनिवार को श्रीनगर स्थित लोकभवन में जम्मू-कश्मीर के उप-राज्यपाल मनोज सिंह से सौजन्य भेंट की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच विभिन्न प्रशासनिक, विकासात्मक और जनकल्याण से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री डॉ यादव का यह दौरा प्रशासनिक व्यवस्थाओं के अध्ययन और विभिन्न राज्यों में मंदिर प्रबंधन के लिए लागू सफल मॉडल को समझने की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे पहले शुक्रवार को उन्होंने जम्मू क्षेत्र का भ्रमण किया था। प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रसिद्ध धार्मिक स्थल माता वैष्णो देवी मंदिर पहुंचकर दर्शन किए और वहां की व्यवस्थाओं, श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा मंदिर प्रबंधन प्रणाली का गहन अध्ययन किया।
मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, यात्री सुविधाओं, स्वच्छता और डिजिटल सेवाओं के संचालन की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों से व्यवस्थाओं के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा करते हुए बेहतर प्रबंधन के मॉडल को समझने का प्रयास किया।
सरकारी सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री का यह दौरा सुशासन, तीर्थ प्रबंधन और जनसेवा से जुड़े नवाचारों के अध्ययन की दृष्टि से अहम माना जा रहा है। जम्मू-कश्मीर में विभिन्न संस्थानों और व्यवस्थाओं के अवलोकन से प्राप्त अनुभवों का उपयोग मध्यप्रदेश में भी जनहित और प्रशासनिक सुधारों के लिए किया जा सकता है।
