
भोपाल। ऐशबाग इलाके में लापरवाही से रेलवे ट्रैक पार कर रहे एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई. ट्रैक पार करते समय युवक का ध्यान मोबाइल की स्क्रीन पर होना बताया गया. इस दौरान वहां से गुजर रही ट्रेन की चपेट में युवक आ गया. हादसे में युवक की मौत की सूचना मिलते ही ऐशबाग थाना पुलिस मौके पर पहुंची. मर्ग कायम कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक मनीष प्रजापति (32) नीमवाली सड़क जहांगीराबाद का निवासी था. मंगलवार को देर रात वह घर से खाना खाने के बाद घूमने निकला था. घूमते हुए वह ऐशबाग में अपने एक दोस्त के घर की तरफ निकल गया. इस दौरान बरखेड़ी के पास रेलवे लाइन पार करते समय मनीष ट्रेन की चपेट में आ गया. मौके पर मौजूद लोगों ने ऐशबाग थाना पुलिस को इसकी सूचना दी. मौके पर पहुंचकर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. मर्ग कायम कर पुलिस जांच में जुट गई है.
