पुलिसिया जांच पर लापरवाही, पक्षपात का आरोप, डीजीपी से शिकायत

जबलपुर। पैतृक संपत्ति हड़पने के मामले में थाना पुलिसिया जांच में भारी लापरवाही और पक्षपात का आरोप लगा है। मामले की शिकायत डीजीपी से की गई है। आरोप है कि बरेला पुलिस की विवेचना में बरती गई लापरवाही से वे अब न्याय की आस खो चुके है। उन्होंने एसपी को लिखित शिकायत सौंपकर मामले की उच्च स्तरीय पुन: विवेचना कराने की गुहार लगाई है।

शिकायतकर्ता जितेन्द्र पटेल, अनिल पटेल और गणेश पटेल द्वारा बरेला थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 354/2025 को लेकर सौंपे गए पत्र में बरेला पुलिस पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत के अनुसार, मामले के मुख्य आरोपी रमाकांत सतनामी के खिलाफ पुलिस ने आनन-फानन में कोर्ट में आरोप पत्र (चार्जशीट) तो दाखिल कर दिया, लेकिन इस पूरी कानूनी प्रक्रिया में विवेचना, साक्ष्यों की अनदेखी, परिजनों के गलत बयान दर्ज किए गए।

आरोप है कि विवादित भूमि, घटनाक्रम और दस्तावेजों के मुख्य जानकार और प्रत्यक्षदर्शी जितेन्द्र पटेल सहित पीडि़त परिवार के अन्य महत्वपूर्ण गवाहों के बयानों को पुलिस ने विधिवत दर्ज नहीं किया। इतना ही नहीं, महत्वपूर्ण परिस्थितिजन्य साक्ष्यों को भी केस डायरी और चार्जशीट का हिस्सा नहीं बनाया गया। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि विवेचना को जानबूझकर अपूर्ण और त्रुटिपूर्ण रखा गया है। पत्र में कहा गया है कि आवेदकों के पास घटना से जुड़े ठोस प्रमाण मौजूद है। उनका आरोप है कि विवेचना प्रारंभ से ही निष्पक्ष नहीं की गई। दस्तावेजों, गवाहों के बयान, साक्ष्यों एवं अन्य तथ्यों का समुचित परीक्षण किए बिना विवेचना को पूर्णत: एक तरफा रखा गया जिसके चलते वास्तविक अपराधियों के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही प्रभावित हुई। पीडि़त परिवार को न्याय नहीं मिला। परिवार ने पुलिस महानिदेशक के साथ मामले की शिकायतें पुलिस महानिरीक्षक जबलपुर रेंज, उप पुलिस महानिरीक्षक, जबलपुर रेंज, पुलिस अधीक्षक, अति. पुलिस अधीक्षक ग्रामीण को दी है। एएसपी सूर्यकांत शर्मा का कहना है कि मामले की जांच टीआई बरेला को सौंपी जा रही है जांच में तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

Next Post

शहर के गंदे पानी के प्रदूषण से मुक्त होगी सोन नदी

Tue Aug 4 , 2026
सीधी। शहर के गंदे पानी के प्रदूषण से सोन नदी मुक्त होगी। शहर से गुजर कर सोन नदी में मिलने वाली सूखा-हिरन नदी के गंदे पानी को साफ करने लिक्विड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट का निर्माण कार्य शुरु है। शहर के सूखा व हिरन नाले के गंदे पानी को शुद्ध करने […]

You May Like