
दमोह। जिले के नोहटा थाना क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने और आवारा पशुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए थाना प्रभारी अभिषेक पटेल ने एक सराहनीय अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान के तहत सड़कों पर विचरण करने वाले आवारा पशुओं के गले एवं सींगों में रेडियम स्ट्रिप लगाई जा रही है, ताकि रात के समय वाहनों की रोशनी पड़ते ही पशु दूर से दिखाई दें और दुर्घटनाओं से बचा जा सके। थाना प्रभारी अभिषेक पटेल ने बताया कि क्षेत्र में रात्रि के समय सड़कों पर घूमने वाले मवेशियों के कारण आए दिन सड़क हादसे होने की आशंका बनी रहती है। कई बार तेज रफ्तार ट्रक, बस और अन्य वाहन चालक अंधेरे में पशुओं को समय पर नहीं देख पाते, जिससे गंभीर दुर्घटनाएं हो जाती हैं। इन्हीं घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है।उन्होंने बताया कि इस अभियान में स्थानीय युवा साथी भी बढ़-चढ़कर सहयोग कर रहे हैं। पुलिस और युवाओं की टीम मिलकर पशुओं के गले में रेडियम बेल्ट तथा सींगों पर रेडियम टेप लगा रही है। इससे रात में वाहनों की हेडलाइट पड़ते ही रेडियम चमकने लगता है और वाहन चालकों को काफी दूरी से ही पशु दिखाई दे जाते हैं, जिससे समय रहते वाहन की गति नियंत्रित कर दुर्घटना टाली जा सकती है।
थाना प्रभारी अभिषेक पटेल ने नागरिकों से भी अपील की कि वे अपने पालतू पशुओं को खुला छोड़ने से बचें तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहें। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयासों से बड़ी दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है और लोगों के साथ-साथ बेजुबान पशुओं की जान भी बचाई जा सकती है।
नोहटा पुलिस की इस मानवीय और जनहितैषी पहल की क्षेत्रवासियों ने सराहना की है। लोगों का कहना है कि यदि इस तरह के अभियान अन्य क्षेत्रों में भी चलाए जाएं तो सड़क दुर्घटनाओं में कमी आने के साथ-साथ पशुओं की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सकेगी। इस अवसर पर आरक्षक सुनील सेन, रवि शंकर, रत्नेश सिंह लोधी, चेतन रैकवार, अमन रैकवार, लकी रैकवार, भानु राजपूत, रामजी झारिया, अनिकेत यादव, गोलू साहू, हर्ष यादव सहित अन्य जनों ने रेडियम लगाने का कार्य किया।
