
ग्वालियर, कलेक्ट्रेट में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में जिले भर से पहुंचे 130 आमजन ने अपनी समस्याएं जिला प्रशासन के समक्ष रखीं। जनसुनवाई में राजस्व, नगर निगम, बिजली, पुलिस और अन्य विभागों से जुड़े मामलों की सुनवाई की गई। अधिकारियों ने प्रत्येक आवेदक की समस्या सुनकर उनके निराकरण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी किए।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत, अपर जिला दंडाधिकारी सी.बी. प्रसाद तथा अपर कलेक्टर
अनिल बनवारिया सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने एक-एक कर सभी आवेदकों की शिकायतों पर सुनवाई की और समाधान की रूपरेखा तय की।
जनसुनवाई में सबसे अधिक शिकायतें भूमि एवं राजस्व संबंधी मामलों की रहीं। प्रशासन ने सभी एसडीएम और तहसीलदारों को ऐसे मामलों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं नगर निगम क्षेत्र में पेयजल, सफाई, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों पर नगर निगम अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई करने के लिए कहा गया।
जनसुनवाई के दौरान मदद की आस लेकर पहुंचे जरूरतमंद मरीजों के नि:शुल्क उपचार की व्यवस्था भी जिला प्रशासन ने कराई, जिससे प्रशासन की संवेदनशील पहल भी देखने को मिली।
इस जनसुनवाई में कुल 130 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 72 आवेदन औपचारिक रूप से दर्ज किए गए, जबकि 58 आवेदन संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक टिप्पणियों के साथ निर्धारित समय-सीमा में निराकरण के लिए भेज दिए गए।
जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी आवेदनों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को शीघ्र राहत मिल सके।
