लेबनान-इजरायल के बीच प्रत्यक्ष वार्ता का सातवां दौर शुरू

रोम, 04 अगस्त (वार्ता) लेबनान और इजरायल के बीच अमेरिका की मध्यस्थता में प्रत्यक्ष वार्ता का सातवां दौर मंगलवार को इटली की राजधानी रोम में शुरू हुआ। लेबनान की सरकारी समाचार एजेंसी एनएनए के अनुसार दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडल जून में लेबनान और इजरायल के बीच हुए अमेरिकी मध्यस्थता वाले रूपरेखा समझौते के क्रियान्वयन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा कर रहे हैं। इटली की समाचार एजेंसी एएनएसए ने भी वार्ता शुरू होने की पुष्टि की है, हालांकि उसने बैठक के बारे में अधिक जानकारी नहीं दी।

इससे पहले 14 जून को रोम में छठे दौर की वार्ता हुई थी। उससे पहले वाशिंगटन में पांच दौर की बातचीत हुई, जिसके बाद 26 जून को दोनों पक्षों के बीच रूपरेखा समझौते पर हस्ताक्षर किये गये थे। समझौते के तहत इजरायल को कब्जे वाले सभी लेबनानी क्षेत्रों से चरणबद्ध तरीके से सेना हटानी है। इसके बदले लेबनानी सेना इन क्षेत्रों में तैनात होगी और सशस्त्र समूहों, विशेष रूप से हिजबुल्ला, को निरस्त्र किया जाएगा।

यह वार्ता ऐसे समय हो रही है जब दक्षिणी लेबनान की सीमा पर तनाव जारी है और इज़रायल दक्षिणी कस्बों में मकानों तथा अन्य ढांचों को ध्वस्त करने और विस्फोटक कार्रवाई जारी रखे हुए है। लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार दो मार्च से अब तक इज़रायली हमलों में 4,333 लोगों की मौत हो चुकी है और 12,236 अन्य घायल हुए हैं। लेबनान का कहना है कि 26 जून को अमेरिकी मध्यस्थता वाले रूपरेखा समझौते पर हस्ताक्षर होने के बावजूद इज़रायल ने अपने सैन्य अभियान जारी रखे हैं।

.....

Next Post

होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने पर ईरान-ओमान समझौते के करीब : रिपोर्ट

Tue Aug 4 , 2026
तेहरान, 04 अगस्त (वार्ता) ईरान और ओमान होर्मुज जलडमरूमध्य से वाणिज्यिक समुद्री यातायात बहाल करने के लिए एक समझौते के करीब पहुंच गये हैं। द न्यूयॉर्क टाइम्स ने एक रिपोर्ट में ईरानी और अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से यह जानकारी दी है। रिपोर्ट के अनुसार प्रस्तावित समझौते के तहत फारस […]

You May Like