ग्वालियर: मध्यप्रदेश हॉकी अकादमी ने चतुर्थ हॉकी इंडिया जूनियर एवं सब-जूनियर वूमेन अकादमी नेशनल चैंपियनशिप-2026 में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए जूनियर और सब-जूनियर दोनों वर्गों के राष्ट्रीय खिताब अपने नाम कर लिए। सोमवार को श्रीमंत राजमाता विजयाराजे सिंधिया खेल परिसर, कंपू में खेले गए दोनों फाइनल मुकाबलों में अकादमी ने प्रीतम सिवाच हॉकी अकादमी, सोनीपत को हराकर राष्ट्रीय चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
सब-जूनियर वर्ग का फाइनल निर्धारित समय तक 2-2 की बराबरी पर छूटा, जिसके बाद पेनल्टी शूटआउट में मध्यप्रदेश हॉकी अकादमी ने 3-1 से जीत दर्ज कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। इस मुकाबले में परिधि को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।जूनियर वर्ग के फाइनल में मध्यप्रदेश हॉकी अकादमी ने 3-2 से जीत दर्ज कर दूसरा राष्ट्रीय खिताब भी अपने नाम कर लिया। इस मुकाबले में कनक पाल को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ घोषित किया गया।
प्रतियोगिता में देशभर की 25 टीमों ने हिस्सा लिया। सब-जूनियर वर्ग में तीसरा स्थान राजा करण हॉकी अकादमी ने चीमा हॉकी अकादमी को 4-3 से हराकर हासिल किया। जूनियर वर्ग में भाई बेहलो हॉकी अकादमी, भगता ने पेनल्टी शूटआउट में राजा करण हॉकी अकादमी को 3-1 से पराजित कर तीसरा स्थान प्राप्त किया।
समापन समारोह में कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार वितरित किए। समारोह में पैरा स्विमिंग इंडिया के चेयरमैन एवं हॉकी मध्यभारत, ग्वालियर के अध्यक्ष देवेन्द्र प्रताप सिंह तोमर, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारी, प्रशिक्षक तथा बड़ी संख्या में खिलाड़ी और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
