मिनेसोटा की डेमोक्रेट सांसद सुश्री उमर ने बुधवार को एमएस नाउ से बातचीत में श्री ट्रंप के समर्थकों और दक्षिणपंथी टिप्पणीकारों द्वारा लंबे समय से लगाए जा रहे उन आरोपों को खारिज किया, जिनमें कहा गया था कि उन्होंने अपने भाई के साथ फर्जी विवाह किया और आव्रजन संबंधी दस्तावेजों में गलत जानकारी दी।
सुश्री उमर ने कहा कि उनके भाई को लेकर लगाए गए आरोप सबसे पहले सोमाली भाषा के एक ब्लॉग पर सामने आए थे। बाद में मिनियापोलिस में दक्षिणपंथी षड्यंत्र सिद्धांतों को बढ़ावा देने वालों ने इन्हें हवा दी।
उन्होंने संकेत दिया कि श्री ट्रंप समर्थकों की ओर से बार-बार धमकियां मिलने के बाद उनके खिलाफ कार्रवाई दिखाने के लिए यह तलाशी ली गई। सुश्री उमर ने कहा, “वे बार-बार संकेत दे रहे थे कि मेरे साथ कुछ होने वाला है। मेरा मानना है कि उन्हें कुछ करना था, ताकि वे कह सकें, ‘देखिए, हमने उसके घर पर छापा मारा।'”
इस तलाशी से सुश्री उमर और श्री ट्रंप के बीच लंबे समय से जारी विवाद और बढ़ गया है। श्री ट्रंप लगातार सुश्री उमर के चरित्र, धार्मिक आस्था और सोमाली विरासत पर हमला करते रहे हैं।
श्री ट्रंप ने मंगलवार को आव्रजन दस्तावेजों में कथित गलत जानकारी देने के मामले में सुश्री उमर को निर्वासित किए जाने की संभावना के बारे में पूछे जाने पर उन्हें “बीमार, बेहद बेईमान व्यक्ति और अमेरिका से नफरत करने वाली ” बताया।
उन्होंने कहा, “हां, ऐसा हो सकता है। उन्हें जेल भी भेजा जा सकता है।”सुश्री उमर ने तलाशी के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि होमलैंड सिक्योरिटी इन्वेस्टिगेशंस के 15 से 25 एजेंट सुबह छह बजे उनके घर पहुंचे और तलाशी वारंट पर कार्रवाई की।
उन्होंने बताया कि एजेंटों ने करीब पांच घंटे तक घर के प्रत्येक कमरे की तलाशी ली और इस दौरान 17 वस्तुएं अपने साथ ले गए, जिनमें कई मोबाइल फोन शामिल थे। सुश्री उमर ने कहा, “आप किसी के घर सुबह इतनी जल्दी तभी पहुंचते हैं, जब आप उसे बुरी तरह डराने की कोशिश कर रहे हों।”
उन्होंने कहा कि उनके राजनीतिक विरोधी उन्हें जेल में देखना या देश से निर्वासित कराना चाहेंगे, लेकिन उनके अनुसार उनका अंतिम उद्देश्य उन्हें कांग्रेस से बाहर करने के लिए मजबूर करना है। सुश्री उमर ने कहा, “जाहिर है, वे मुझे जेल में देखना चाहते हैं, मुझे निर्वासित कराना चाहते हैं और ऐसी ही दूसरी चीजें चाहते हैं। लेकिन मुझे लगता है कि उनके लिए सबसे बड़ी संतुष्टि यह होगी कि मैं कहूं, ‘मैं तुम सब से थक चुकी हूं और अब यहां से जा रही हूं।'”
उन्होंने कहा, “मुझे कांग्रेस की सदस्य बने रहने का कानूनी अधिकार है।”
