सतना: सूने मकान में हुई लाखों की चोरी का 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 16.50 लाख रुपये मूल्य के चोरी के गहने बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर गौरव पांडेय ने जानकारी देते हुए बताया कि शहर के मौलवी नगर, नजीराबाद निवासी अकील मोहम्मद 31 जुलाई को अपनी पत्नी के साथ गांव गए थे।
घर पर ताला लगा था। इसी दौरान देर रात बदमाशों ने ताला तोड़कर घर में रखी नकदी और लाखों रुपये के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। अगले दिन 1 अगस्त की सुबह पड़ोसी से सूचना मिलने पर अकील मोहम्मद घर पहुंचे। घर का सामान बिखरा मिला, जिसके बाद उन्होंने चोरी हुए सामान की सूची के साथ सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने साइबर सेल के साथ साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। जांच के दौरान फुटेज के आधार पर मोहम्मद अरमान पुत्र मोहम्मद नौशाद और मोहम्मद हम्माद पुत्र मोहम्मद इसराइल, दोनों निवासी नजीराबाद, संदिग्ध के रूप में सामने आए।
जेल भेजे गये आरोपी
पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने चोरी करना स्वीकार कर लिया। इसी कड़ी में पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 16.50 लाख रुपये मूल्य के चोरी के गहने बरामद किए हैं। आवश्यक कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को सोमवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
