जापान भूकंप: मृतकों की संख्या 38 हुई, हजारों लोग अब भी राहत शिविरों में

टोक्यो, 02 अगस्त (वार्ता) जापान के दक्षिण-पश्चिमी कुमामोटो प्रांत में पिछले सप्ताह आए शक्तिशाली भूकंप में मरने वालों की संख्या बढ़कर 38 हो गयी है। हजारों लोग अब भी राहत शिविरों में शरण लिए हुए हैं। सरकारी प्रसारक एनएचके की रविवार की रिपोर्ट के अनुसार, अधिकारियों ने अब तक 36 लोगों की मौत की पुष्टि की है, जबकि दो अन्य मौतों की जांच की जा रही है कि वे पिछले मंगलवार आए 7.1 तीव्रता के भूकंप के कारण हुईं या नहीं। भूकंप के बाद 210 राहत शिविरों में 9,200 से अधिक लोग ठहरे हुए हैं। वहीं, 3,400 से अधिक मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। कुमामोटो में 69,000 से अधिक घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अब भी पेयजल आपूर्ति बाधित है। भूकंप से प्रभावित चिकित्सा संस्थान भी धीरे-धीरे सामान्य स्थिति बहाल करने में जुटे हैं।

अधिकारियों के अनुसार, शनिवार को भीषण गर्मी के कारण लू (हीटस्ट्रोक) जैसे लक्षणों वाले लगभग 30 लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया। कुमामोटो के कुछ क्षेत्रों में तापमान 37 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। प्रशासन ने कहा कि नुकसान का पूरा आकलन अभी नहीं हो पाया है और निरीक्षण जारी रहने के साथ क्षतिग्रस्त इमारतों की संख्या में और वृद्धि हो सकती है। प्रांतीय सरकार ने बताया कि भूकंप के तुरंत बाद विस्फोट की चपेट में आए एयॉन शॉपिंग मॉल में शनिवार को खोज एवं बचाव अभियान समाप्त कर दिया गया। इस हादसे में सात कर्मचारियों की मौत हुई थी, जबकि पांच अन्य घायल हुए थे। उल्लेखनीय है कि जापान प्रशांत महासागर के ‘रिंग ऑफ फायर’ क्षेत्र में स्थित है और दुनिया में आने वाले 6.0 या उससे अधिक तीव्रता के लगभग 20 प्रतिशत भूकंप इसी क्षेत्र में दर्ज किये जाते हैं।

.....

Next Post

रेमो डिसूजा की अगली एक्शन फिल्म में टाइगर श्रॉफ के साथ दिखेंगी नुसरत भरुचा

Sun Aug 2 , 2026
मुंबई, 02 अगस्त (वार्ता) अभिनेत्री नुसरत भरुचा निर्देशक रेमो डिसूजा की आगामी एक्शन एंटरटेनर फिल्म में अभिनेता टाइगर श्रॉफ के साथ पहली बार स्क्रीन साझा करती नजर आएंगी।फिल्म से जुड़े सूत्रों के अनुसार, निर्माताओं ने नुसरत भरुचा को एक ऐसे अहम किरदार के लिए चुना है, जिसमें भावनात्मक गहराई के […]

You May Like