भोपाल: मध्य प्रदेश में 1 अगस्त से 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के नए रेट लागू हो गए हैं। प्रदेश में कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में 190 से 194 रुपये तक की कटौती की गई है। राजधानी भोपाल में अब 19 किलो का कमर्शियल सिलेंडर 2,743 रुपये में मिलेगा, जबकि इंदौर में इसकी कीमत 2,846 रुपये हो गई है। कीमतों में कमी से होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और कैटरिंग कारोबार से जुड़े व्यापारियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
व्यापारियों का कहना है कि पिछले कुछ महीनों में कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम लगातार बढ़ने से संचालन लागत काफी बढ़ गई थी। इसके चलते कई होटल और रेस्टोरेंट ने खाने-पीने की कीमतों में 10 से 15 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की थी। अब सिलेंडर सस्ता होने से लागत कम होगी और आने वाले समय में ग्राहकों को भी इसका फायदा मिल सकता है।
व्यापारियों के अनुसार, ईरान-अमेरिका तनाव के दौरान कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम तेजी से बढ़े थे। कई शहरों में इसकी कीमत 3,300 रुपये से भी अधिक पहुंच गई थी। जबकि युद्ध से पहले 19 किलो वाले सिलेंडर की कीमत करीब 1,800 से 2,000 रुपये के बीच थी।नए रेट के मुताबिक, रीवा में कमर्शियल सिलेंडर सबसे महंगा 2,991.50 रुपये का मिलेगा। सिंगरौली और नरसिंहपुर में इसकी कीमत 2,989.50 रुपये, जबकि सतना में 2,989 रुपये तय की गई है। वहीं, शाजापुर में प्रदेश का सबसे सस्ता कमर्शियल सिलेंडर 2,749.50 रुपये में उपलब्ध होगा।
कैटरिंग कारोबार से जुड़े लोगों का कहना है कि गैस महंगी होने से बड़े आयोजनों की लागत भी काफी बढ़ गई थी। करीब 500 लोगों के भोजन वाले आयोजन में 45 से 50 हजार रुपये तक अतिरिक्त खर्च आ रहा था, जिसके कारण प्रति प्लेट कीमत बढ़ानी पड़ी। अब कमर्शियल गैस सस्ती होने से आयोजन की लागत कम होने और ग्राहकों को राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि क्या आने वाले दिनों में होटल, रेस्टोरेंट और कैटरिंग सेवाओं के दाम भी कम होंगे।
