सीहोर। नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर का जन्मदिन गुरुवार को धार्मिक आस्था, जनसेवा और सामाजिक सरोकारों के साथ उत्साहपूर्वक मनाया गया. शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, पार्षदों, युवाओं और क्षेत्रवासियों ने शुभकामनाएं दीं तथा उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की. जन्मदिन मनाने का सिलसिला दूसरे दिन भी जारी रहा.
नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर ने जन्मदिन की शुरुआत शहर के प्राचीन करोली माता मंदिर, प्राचीन गणेश मंदिर एवं कस्बा स्थित हनुमान फाटक मंदिर में दर्शन-पूजन कर भगवान एवं बुजुर्गों का आशीर्वाद प्राप्त करते हुए की. उन्होंने नगर और प्रदेश की सुख-समृद्धि की प्रार्थना भी की. जन्मदिन के अवसर पर बस स्टैंड स्थित एक होटल में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया. जिसमें 300 से अधिक युवाओं ने भाग लिया. जबकि जन्मदिन की पूर्व संध्या पर रक्तदान अभियान में 150 यूनिट से अधिक रक्त एकत्रित किया गया. यह रक्त जरूरतमंद मरीजों के उपचार के लिए उपलब्ध कराया जाएगा.
इसके बाद बस स्टैंड क्षेत्र में जन्मदिन मिलन समारोह आयोजित हुआ. समारोह में शहर के नागरिकों, पार्षदों, जन प्रतिनिधियों, नपा के अधिकारियों एवं कर्मचारियों सहित समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने प्रिंस राठौर को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं. जन्मदिन को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए शहर के विभिन्न स्थानों पर पौधरोपण भी किया गया. युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया. नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर ने सभी नागरिकों, युवाओं, जनप्रतिनिधियों एवं शुभचिंतकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जनता का जो स्नेह और विश्वास मिला है, वही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है. उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंच रहा है. नपा शहर की आगामी 25 वर्षों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ा रही है.
