ग्वालियर: माता मंदिर से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा बेहट थाना क्षेत्र के रतनगढ़ माता मंदिर रोड पर आसमानी माता मंदिर के पास हुआ है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में करीब आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए जयारोग्य अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान आज तड़के भिंड निवासी वृद्ध महिला दाखो बाई की मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक भिंड जिले के भारोली शाहपुरा गांव से 15-20 लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर रतनगढ़ माता मंदिर पहुंचे थे। दाखो बाई की मन्नत पूरी होने पर उन्होंने कन्या भोज कराया था। भोज के बाद सभी लोग वापस लौट रहे थे, तभी ढलान पर ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई।हादसे के तुरंत बाद आसपास से गुजर रहे लोगों ने घायलों की मदद की और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया है।
