खंडवा में झमाझम बारिश: 24 घंटे में 74.4 मिमी औसत वर्षा, नदियां उफान पर, निचली बस्तियों में घुसा पानी

खंडवा : जिले में मानसून पूरी तरह मेहरबान है, लेकिन लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। पिछले 24 घंटों में जिले भर में 74.4 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है। बारिश का सबसे ज्यादा असर खंडवा तहसील में देखने को मिला है, जहाँ सर्वाधिक 128 मिलीमीटर पानी बरसा है। भारी बारिश के कारण जिले की नदियां लबालब हो गई हैं और उफान पर हैं, जिसके चलते कई गांवों का मुख्य मार्गों से संपर्क टूट गया है।

लगातार बारिश से न सिर्फ ग्रामीण बल्कि शहरी इलाकों में भी हालात बिगड़े हैं। शहर की निचली बस्तियों में कई घरों के अंदर पानी समा गया है, जिससे रहवासियों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं ग्रामीण अंचलों में खेतों में पानी भर गया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम सहित समूचे जिला प्रशासन की टीम पूरी तरह मुस्तैद है और जलभराव वाले क्षेत्रों में सतत निगरानी कर रही है।

भू-अभिलेख कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिछले चौबीस घंटों में जिले के विभिन्न विकासखंडों में जमकर बदरा बरसे हैं। इस दौरान खंडवा तहसील में सर्वाधिक 128 मिलीमीटर, पंधाना में 95 मिलीमीटर, नया हरसूद में 80 मिलीमीटर, पुनासा में 35 मिलीमीटर तथा खालवा तहसील में 34 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है।आंकड़ों पर गौर करें तो इस वर्ष जिले में अब तक शानदार बारिश हुई है।

गत वर्ष 31 जुलाई तक जिले में 326 मिलीमीटर औसत वर्षा हुई थी, जबकि इस वर्ष अब तक जिले का औसत आंकड़ा 415 मिलीमीटर तक पहुँच चुका है। इस मानसून सीजन में अब तक खंडवा तहसील में 495 मिलीमीटर वर्षा हो चुकी है। इसके अलावा खालवा तहसील में 490 मिलीमीटर, पंधाना में 427 मिलीमीटर, पुनासा में 333 मिलीमीटर तथा नया हरसूद तहसील में 330 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की जा चुकी है।प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे उफनती नदियों और रपटों को पार करने का जोखिम बिलकुल न उठाएं और सुरक्षित स्थानों पर रहें। आपात स्थिति से निपटने के लिए रेस्क्यू और राहत दल को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।

Next Post

राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर संसद में हंगामा, विपक्ष का प्रदर्शन; जन्म-मृत्यु संशोधन विधेयक पास

Fri Jul 31 , 2026
नई दिल्ली। अयोध्या राम मंदिर के चढ़ावे में कथित गड़बड़ी के मुद्दे पर संसद परिसर में विपक्ष ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान सांसद पप्पू यादव पुजारी की वेशभूषा में संसद पहुंचे, जबकि राहुल गांधी ने प्रतीकात्मक रूप से चंदा देकर विरोध दर्ज कराया। विपक्ष ने मामले की निष्पक्ष जांच […]

You May Like