जबलपुर: ओमती थाना अंतर्गत जिला न्यायालय परिसर के बाहर गेट नंबर 3 के पास उस समय भारी हंगामा खड़ा हो गया, जब राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने एक प्रेमी जोड़े युवक और युवती को संदिग्ध हालत में दबोच लिया। संगठन ने आरोप लगाया है कि यह मामला लव जिहाद का है, संदेह है कि युवक ने युवती का अपहरण किया और उसे जबलपुर लेकर आया। दोनोंं को पुलिस के हवाले कर दिया गया जहां जांच चल रही है।
बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के अनुसार, युवती राजस्थान की है और युवक भेड़ाघाट का रहने वाला है। उन्हें शक है कि युवती को उसके माता-पिता की जानकारी और मर्जी के बिना जबलपुर लाया गया था। यहां कोर्ट परिसर के पास किसी परिचित के माध्यम से दोनों की गुपचुप शादी कराने की योजना बनाई जा रही थी। भनक लगते ही कार्यकर्ताओं ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
संगठन के कार्यकर्ताओं ने कड़ा विरोध दर्ज कराते हुए कहा कि सनातन संस्कृति और हिंदू रीति-रिवाजों के खिलाफ इस तरह के मामलों को जानबूझकर अंजाम दिया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि हिंदू समाज की बेटियों के साथ इस तरह का कृत्य किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हंगामा बढऩे पर कार्यकर्ताओं ने दोनों को ओमती थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। युवती के परिजनों को भी सूचित किया जा रहा है। पूछताछ और तथ्यों के आधार पर जो भी कानूनी स्थिति बनेगी, उसके अनुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
