
आलीराजपुर, जिले की तीनों नगरपालिकाओं के लिए मतदाता वार्षिक पुनरीक्षण कार्यक्रम पूरा होने के बाद मतदाता सूची की अंतिम तस्वीर सामने आ गई है। गुरुवार को कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती नीतू माथुर की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्टैंडिंग कमेटी की बैठक में अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची की समीक्षा की गई। आंकड़ों के अनुसार प्रारूप प्रकाशन की तुलना में अंतिम सूची में कुल 2,671 मतदाता कम हो गए हैं। अब तीनों नगरीय निकायों में कुल 38,927 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
बैठक में बताया गया कि 18 मई 2026 को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन किया गया था। इसके बाद प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का नियमानुसार निराकरण कर 27 जुलाई 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की गई।
आंकड़ों में समझिए क्या बदला
प्रारूप प्रकाशन (18 मई) के अनुसार तीनों नगरीय निकायों में 41,598 मतदाता थे, जबकि अंतिम सूची में यह संख्या घटकर 38,927 रह गई।
नगर पालिका परिषद आलीराजपुर
प्रारूप सूची : 22,349
अंतिम सूची : 21,069
कमी : 1,280 मतदाता
नगर परिषद जोबट
प्रारूप सूची : 8,666
अंतिम सूची : 8,000
कमी : 666 मतदाता
नगर परिषद चंद्रशेखर आजाद नगर
प्रारूप सूची : 10,583
अंतिम सूची : 9,858
कमी : 725 मतदाता
पुरुषों की तुलना में महिलाओं की संख्या अधिक
अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची के अनुसार तीनों नगरीय निकायों में:
पुरुष मतदाता : 19,168
महिला मतदाता : 19,754
अन्य : 5
कुल मतदाता : 38,927
यानी जिले की नगरीय मतदाता सूची में महिला मतदाता पुरुषों से 586 अधिक हैं, जो लोकतांत्रिक भागीदारी के लिहाज से महत्वपूर्ण संकेत माना जा रहा है।
कलेक्टर ने दिया पारदर्शी चुनाव का संदेश
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती नीतू माथुर ने कहा कि शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित मतदाता सूची ही निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव की सबसे मजबूत आधारशिला है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से मतदाता सूची संबंधी जानकारी आमजन तक पहुंचाने और निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं संयुक्त कलेक्टर मनोज गरवाल, एसडीएम निधि मिश्रा, जनप्रतिनिधि एवं पार्षद उपस्थित रहे।
खास बात
तीनों नगरीय निकायों में 2,671 मतदाता कम हुए।
आलीराजपुर नगर पालिका में सबसे अधिक 1,280 नाम घटे।
अंतिम सूची में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों से अधिक दर्ज हुई।
27 जुलाई को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होने के साथ नगर निकाय चुनाव की तैयारियां अब निर्णायक चरण में पहुंच गई हैं।
