12 किलो 200 ग्राम गांजा एवं 10 ग्राम स्मैक जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार 

सीधी। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशन में संचालित प्रदेशव्यापी “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अमन मिश्रा के मार्गदर्शन में जिले की थाना जमोड़ी एवं थाना बहरी पुलिस ने मादक पदार्थों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग प्रकरणों में अवैध गांजा एवं स्मैक बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पहली कार्रवाई: थाना जमोड़ी-

दिनांक 27 जुलाई 2026 को थाना जमोड़ी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बलराम नगर, दक्षिण करौंदिया क्षेत्र में दबिश देकर राधेश्याम जायसवाल 23 वर्ष, निवासी ग्राम हिनौती, थाना अमिलिया, जिला सीधी को गिरफ्तार किया। आरोपी की डिजायर कार की डिक्की से 12 किलो 200 ग्राम अवैध गांजा अनुमानित कीमत 1 लाख 20 हजार बरामद किया गया। इसके साथ ही आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त डिजायर कार लगभग 8 लाख एवं सैमसंग मोबाइल फोन लगभग 20 हजार भी जब्त किया गया। आरोपी के विरुद्ध धारा 8/20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई।

दूसरी कार्रवाई: थाना बहरी-

इसी क्रम में थाना बहरी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम चंदवाही में दबिश देकर राजेश्वर उर्फ राजू द्विवेदी 23 वर्ष, निवासी ग्राम लौआ, थाना बहरी, जिला सीधी को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 10 ग्राम स्मैक (हेरोइन) अनुमानित कीमत 30 हजार एवं एक वीवो एंड्रॉयड मोबाइल फोन लगभग 10 हजार बरामद कर जब्त किया गया। आरोपी के विरुद्ध धारा 8/21 एवं 22 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विधिवत गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने मादक पदार्थ उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर से लाकर क्षेत्र में बिक्री करना स्वीकार किया, जिसके संबंध में पुलिस द्वारा आगे विवेचना की जा रही है।

सराहनीय योगदान-

थाना जमोड़ी टीम में उप निरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी, सहायक उप निरीक्षक रामबाबू दीपांकर, प्रधान आरक्षक रावेंद्र सिंह, प्रधान आरक्षक आजाद खान, आरक्षक राजू यादव, आरक्षक ललित मिश्रा, आरक्षक योगेश जाटव एवं चालक प्रधान आरक्षक अशोक बहरोलिया शामिल रहे।

थाना बहरी टीम में निरीक्षक राजेश पाण्डेय थाना प्रभारी , सउनि प्रदीप सिंह, आरक्षक प्रभात तिवारी, आरक्षक राजकमल भुर्तिया, आरक्षक अभिषेक सिंह एवं चालक प्रधान आरक्षक शिवकुमार नामदेव शामिल रहे।

Next Post

कलेक्टर ने नगर परिषद मझौली की विभिन्न शाखाओं का किया निरीक्षण

Tue Jul 28 , 2026
सीधी । कलेक्टर विकास मिश्रा ने मंगलवार को नगर परिषद मझौली की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर नगर क्षेत्र में संचालित विकास एवं जनहित से जुड़े कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, पेयजल आपूर्ति, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना सहित विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं के क्रियान्वयन तथा […]

You May Like