पांढुरना: नांदनवाड़ी क्षेत्र में गोवंश से भरे वाहन पकड़े जाने के मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर मंगलवार को हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने थाना परिसर पहुंचकर प्रदर्शन किया और थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सोमवार-मंगलवार की दरम्यानी रात ग्राम सिराठा के पास ग्रामीणों ने गोवंश से भरे एक पिकअप वाहन को रोका था। इस दौरान एक अन्य स्कॉर्पियो वाहन भी मौके पर मौजूद होने का दावा किया गया। ग्रामीणों ने एक युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में की जा रही है। जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने किसी भी व्यक्ति की भूमिका को लेकर आधिकारिक रूप से अंतिम पुष्टि नहीं की है।
