ग्वालियर: शिवपुरी लिंक रोड स्थित ग्वालियर ग्लोरी हायर सेकेंडरी स्कूल में एसडीआरएफ (राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल) द्वारा एक विशेष स्कूल सेफ्टी एवं आपदा प्रबंधन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से तैयार करना था।
कार्यक्रम में मुख्य प्रशिक्षक के रूप में मौजूद एसडीआरएफ इंस्पेक्टर श्रीमती पूजा वर्मा ने छात्र-छात्राओं को बेहद सरल और रोचक तरीके से आपदा प्रबंधन के गुर सिखाए।
उन्होंने बताया कि भूकंप, आगजनी और बाढ़ जैसी विकट परिस्थितियों में घबराने के बजाय सूझबूझ से काम लेना ही सबसे बड़ा बचाव है।इंस्पेक्टर वर्मा ने कहा, आपदा बताकर नहीं आती, लेकिन तैयारी हमें बचा सकती है। भूकंप के समय टेबल के नीचे छिपना, आग लगने पर मुंह पर गीला कपड़ा रखकर नीचे झुककर बाहर निकलना और बाढ़ के समय ऊंचे स्थानों पर जाना जैसे छोटे-छोटे कदम जिंदगी बचा सकते हैं।
इस दौरान एसडीआरएफ टीम ने बच्चों के सामने फर्स्ट एड, फायर सेफ्टी और इमरजेंसी में सुरक्षित निकासी का लाइव डेमो भी किया गया जिसे बच्चों ने बड़े उत्साह के साथ देखा और सीखा।विद्यालय के प्राचार्य ने एसडीआरएफ टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम न केवल बच्चों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता लाते हैं, बल्कि उनमें आत्मविश्वास और दूसरों की मदद करने का जज्बा भी पैदा करते हैं। कार्यक्रम में विद्यालय का समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।
