
भोपाल। सरोजिनी नायडू शासकीय कन्या स्नातकोत्तर (स्वशासी) महाविद्यालय में कारगिल विजय दिवस के अवसर पर देश के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत कारगिल युद्ध में शहीद हुए सैनिकों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर की गई।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुरेंद्र बिहारी गोस्वामी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कारगिल युद्ध के वीर सैनिकों के साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। उन्होंने छात्राओं से राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने तथा देश की एकता और अखंडता को सुदृढ़ बनाए रखने का आह्वान किया।
इस अवसर पर छात्राओं के लिए पोस्टर मेकिंग एवं स्लोगन प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों ने देशभक्ति, वीरता और राष्ट्रप्रेम से जुड़े संदेशों को रचनात्मक रूप से प्रस्तुत किया। इसके बाद निकाली गई जागरूकता रैली के माध्यम से छात्राओं ने भारतीय सशस्त्र बलों के शौर्य, बलिदान और राष्ट्रसेवा का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।
कार्यक्रम का आयोजन एवं संचालन एनसीसी अधिकारियों डॉ. नेहा चौधरी और डॉ. निशी शर्मा तथा एनएसएस प्रभारी डॉ. वर्षा धाकड़ ने किया। आयोजन में एनसीसी और एनएसएस की 84 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रप्रेम, वीर जवानों के प्रति सम्मान तथा राष्ट्रीय एकता और अखंडता के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
