दिल्ली में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से सांसद श्रीमती अनिता चौहान ने की मुलाकात

आलीराजपुर। रतलाम-झाबुआ-आलीराजपुर संसदीय क्षेत्र की सांसद श्रीमती अनिता नागरसिंह चौहान ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री फलिया सड़क योजना के प्रथम चरण की शुरुआत आलीराजपुर जिले के आजाद नगर (भाबरा) विकासखंड की 64 फलिया सड़कों को स्वीकृति प्रदान किए जाने पर केंद्र सरकार एवं केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्रति आभार व्यक्त किया।

सांसद श्रीमती चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार लगातार आदिवासी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को प्राथमिकता दे रही है। फलिया सड़क योजना से दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले हजारों ग्रामीणों को बारहमासी सड़क संपर्क मिलेगा, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं रोजगार के अवसरों तक पहुंच और अधिक सुलभ होगी।

*”संसदीय क्षेत्र के तीनों जिलों के लिए की सकारात्मक चर्चा”*

सांसद श्रीमती अनिता चौहान ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान से आग्रह किया कि उनके संसदीय क्षेत्र अंतर्गत आने वाले तीनों जिले रतलाम, झाबुआ एवं आलीराजपुर की प्रस्तावित सभी प्रधानमंत्री फलिया सड़क प्रस्तावों को भी शीघ्र स्वीकृति प्रदान की जाए, ताकि क्षेत्र के प्रत्येक ग्रामीण एवं आदिवासी परिवार को सड़क सुविधा का लाभ मिल सके।

*”आलीराजपुर जिले में नवीन शासकीय कृषि महाविद्यालय प्रारंभ किए जाने का पत्र भी सौंपा”*

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराजसिंह चौहान से सौजन्य भेंट के दौरान सांसद श्रीमती अनिता चौहान ने आलीराजपुर जिले में कृषि महाविद्यालय प्रारम्भ करने के संबंध में भी एक पत्र सौंपा। जिसमें उन्होंने बताया कि आलीराजपुर एक कृषि प्रधान एवं जनजातीय जिला है, जहां लगभग 90 प्रतिशत आबादी प्रत्यक्ष अथवा अप्रत्यक्ष रूप से कृषि पर निर्भर है तथा करीब 1.05 लाख किसान कृषि कार्य से जुड़े हुए हैं। इसके बावजूद जिले में आज तक एक भी शासकीय कृषि महाविद्यालय स्थापित नहीं हो सका है, जिसके कारण स्थानीय विद्यार्थियों को कृषि शिक्षा के लिए अन्य जिलों में जाना पड़ता है।

सांसद ने पत्र में यह भी बताया कि वर्तमान में जिले के शासकीय महाविद्यालयों में हजारों विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, जिनमें अधिकांश किसान एवं जनजातीय परिवारों से आते हैं। आर्थिक एवं भौगोलिक परिस्थितियों के कारण अनेक प्रतिभाशाली विद्यार्थी कृषि शिक्षा से वंचित रह जाते हैं।

उन्होंने सुझाव दिया कि आलीराजपुर स्थित शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर में उपलब्ध भवन एवं आधारभूत संरचना का उपयोग करते हुए वर्ष 2026-27 से कृषि महाविद्यालय की कक्षाएं प्रारंभ की जा सकती हैं। परिसर के निकट स्थित कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) के माध्यम से विद्यार्थियों को अनुसंधान एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा सकती है।

सांसद श्रीमती अनिता चौहान ने कहा कि जिले में कृषि महाविद्यालय की स्थापना से स्थानीय युवाओं को गुणवत्तापूर्ण कृषि शिक्षा मिलेगी, आधुनिक कृषि तकनीकों का विस्तार होगा, अनुसंधान को बढ़ावा मिलेगा तथा किसानों की आय बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी। उन्होंने केंद्रीय कृषि मंत्री से इस मांग पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने का अनुरोध किया।

केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने सांसद श्रीमती अनिता चौहान द्वारा रखे गए सुझावों एवं मांगों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विषयों पर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उक्त जानकारी जिला मीडिया प्रभारी गोविंदा गुप्ता द्वारा दी गई।

Next Post

हजारों गौभक्त हाथों में भगवा ध्वज व तख्तियां लेकर हुए शामिल, गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने की उठाई मांग

Mon Jul 27 , 2026
आलीराजपुर । गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने सहित गौ संरक्षण एवं गौसंवर्धन से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार को आलीराजपुर नगर में भव्य गौ सम्मान आव्हान यात्रा निकाली गई। यात्रा में जिलेभर से हजारों गौभक्त, महिला-पुरुष, युवक, युवतियां एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे नगर में भगवा ध्वज, […]

You May Like