
नर्मदापुरम। जिले के केसला ब्लॉक के पिपरिया कला गांव में खेत की बंटाई और ₹1,000 के लेनदेन को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि देवरानी ने अपनी जेठानी का कान दांतों से काट लिया, जिससे कान का करीब 90 प्रतिशत हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। घटना में घायल महिला को उपचार के लिए इटारसी के शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पीड़िता रवीना कासदे (27) के अनुसार, परिवार में करीब एक एकड़ खेत की बंटाई को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। उसने खेत तैयार कराने में ₹1,000 खर्च किए थे। जब उसने अपनी राशि वापस मांगी तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। इसके बाद विवाद बढ़ गया।
महिला का आरोप है कि दूसरी महिला ने खेत जोतने से मना कर दिया और पैसे लौटाने से भी इनकार कर दिया। जब वह घर के अंदर जाने लगी तो उसे खींचकर मारपीट की गई। इसी दौरान देवरानी ने उसके कान को दांतों से काट लिया, जिससे कान का अधिकांश हिस्सा अलग हो गया।
घटना के बाद परिजन घायल महिला को इटारसी के शासकीय अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों के अनुसार, कान के पुनर्निर्माण (रिकंस्ट्रक्शन) की तैयारी की जा रही है। पीड़िता ने केसला थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
